केजरीवाल ने भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि खराब करने की कोशिश की : गौरव भाटिया

Summary :

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सिंगापुर के संबंध में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ओर से दिए गए बयान की निंदा करते हुए कहा है कि यह भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि को खराब करने की कोशिश है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सिंगापुर के संबंध में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ओर से दिए गए बयान की निंदा करते हुए कहा है कि यह भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि को खराब करने की कोशिश है। भाजपा के प्रवक्ता गौरव भाटिया ने बुधवार को यहाँ एक आभासी संवाददाता सम्मेलन में कहा,“कोविड को लेकर केजरीवाल के ट्वीट को पढ़ने के बाद ये चिंता हुई कि एक मुख्यमंत्री किस तरह अपनी राजनीतिक रोटियाँ सेंकने हेतु कांग्रेस को पीछे छोड़ते हुए भ्रम और अराजकता की टूलकिट पेश कर देते हैं।
ऐसा लगता है कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में इस बात की होड़ लगी है कि देश को सबसे अधिक बदनाम कौन करेगा और देश में सबसे ज्यादा कौन अस्थिरता फैलाएगा?” उन्होंने कहा कि केजरीवाल के ट्वीट में कोरोना के नए स्ट्रेन के बच्चों पर ज़्यादा प्रभाव वाली बात तथ्यों के अध्ययन के बिना कही गयी है।
साथ ही वह सिंगापुर के बारे अंतरराष्ट्रीय संबंध जैसे गंभीर विषय पर अपने क्षेत्राधिकार से बाहर जाते हुए गलत बयानी कर रहे हैं। भाटिया ने कहा,“हमारे संविधान की सातवीं अनुसूची में केंद्र और राज्यों के क्षेत्राधिकार के बारे में स्पष्ट लिखा हुआ है। ‘विदेश मामले’ केंद्र का विषय है तो फिर केजरीवाल ने इस तरह की टिप्पणी क्यों की जिससे कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि धूमिल हो , संकट की इस घड़ी में मानवता की मदद का कार्य बाधित हो और भारत के सिंगापुर एवं अन्य देशों से मित्रतापूर्ण संबंध बिगड़े।”
उन्होंने कहा,“ कोविड की दूसरी लहर में सिंगापुर लगातार भारत के साथ खड़ा रहा है और दिल्ली सहित भारत की मदद के लिए उसने सहायता की है। भारत के सिंगापुर से ऐतिहासिक और मित्रतापूर्ण संबंध हैं। केजरीवाल को कोई हक़ नहीं बनता कि वे देश के अंतर्राष्ट्रीय मामलों पर अनर्गल टिप्पणी कर उसे क्षति पहुंचाए। सिंगापुर ने उस समय मदद की जब दिल्ली सरकार कार्योजेनिक टैंकर्स के लिए मदद की गुहार लगा रही थी।
केजरीवाल के बचकाने ट्वीट दिल्ली और देश के नागरिकों की जान के साथ खिलवाड़ हैं।” भाजपा प्रवक्ता ने कहा,“हर मुद्दे को राजनीतिक रंग दे देना केजरीवाल की आदत रही है। देश में घटिया राजनीति कौन कर रहा है – यह हमने पिछले कुछ दिनों में देख लिया है। किसने दिल्ली में ऑक्सीजन की ऑडिटिंग से इनकार किया, किसने दिल्ली में ऑक्सीजन की मांग पर झूठ बोला और किसने दिल्ली में अराजकता फैलाने की कोशिश की – यह पूरे देश ने देखा है।”
उन्होंने कहा,“नागरिक विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि मार्च 2020 से ही अंतर्राष्ट्रीय उड़ाने बंद हैं और केवल वंदे भारत अभियान के तहत उड़ानें चल रही है जो देशवासियों को घर लाने एवं उनकी जान बचाने में युगांतकारी सिद्ध हुआ है।
इस समय जब भारत दूसरे देशों की मदद कर रहा है और दूसरे देश भारत की मदद कर रहे हैं तो श्री केजरीवाल चाहते हैं कि दूसरे देशों से हमारे संबंध खराब हो, वहां से हमारे लिए मदद आनी रुक जाए और वह अपनी ओछी राजनीति करते रहे।”

Desk Team