मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने टाटा समूह को आश्वासन दिया है कि असम के तकनीकी संस्थानों को प्रौद्योगिकी केंद्रों में बदलने की उसकी नवोन्मेषी परियोजना ‘ट्रांसफॉर्मिंग इंजीनियरिंग एकेडेमिया टू इंडस्ट्री 4.0’ के लिए राज्य सरकार सभी आवश्यक सहायता मुहैया करवाएगी।
टाटा समूह के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बृहस्पतिवार को यहां बैठक में राज्य के आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों का ‘उत्कृष्टता केंद्र’ के रूप में अद्यतन करने के विषय पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी 75 तकनीकी संस्थानों में अत्याधुनिक पाठ्यक्रम लाने के लिए राज्य सरकार सभी आवश्यक मदद देगी।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर टाटा समूह से आग्रह किया कि प्रशिक्षुओं को छात्रवृत्ति प्रदान करने, टाटा समूह के अनुभवी शिक्षकों और प्रशिक्षकों द्वारा पांच साल तक इन संस्थानों में सेवा देने के लिए कदम उठाए जाएं ताकि वे स्थानीय प्रशिक्षकों को प्रशिक्षित कर सकें।
उन्होंने शिक्षा विभाग को समझौता ज्ञापन का मसौदा तैयार करने और उस पर जल्द से जल्द हस्ताक्षर करवाने की व्यवस्था करने निर्देश दिया।


Download Android App
Download iOS App



