राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने सोमवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर उस वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जो वायरल हुए एक वीडियों में पत्नी की पिटाई करता और अपशब्द कहता नजर आ रहा है।
इस वीडियो में मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (अभियोजन) पुरुषोत्तम शर्मा अपनी पत्नी की पिटाई करते हुए देखे जा रहे हैं और उनकी पत्नी प्रतिरोध करते दिख रही हैं। खबरों के मुताबिक, इस पुलिस अधिकारी के कथित विवाहेत्तर संबंध को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था।
इस वीडियो का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए रेखा शर्मा ने कहा कि एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी द्वारा कथित तौर पर इस अपराध को अंजाम दिया जाना महिला आयोग के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
चौहान को लिखे पत्र में कहा, ‘‘मैं आपसे आग्रह करती हूं कि इस मामले में दखल दें और आगे ऐसे अपराधों को होने से रोकने के लिए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करें।’’ मुख्यमंत्री ने कहा है कि वीडियो सामने आने के बाद इस अधिकारी को ड्यूटी से हटा दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



