कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने बेटे बीवाई विजयेंद्र के प्रशासन में हस्तक्षेप के दावों को बकवास बता दिया है। येदियुरप्पा ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि उनके बेटे का नाम इसमें लाकर भ्रम की स्थिति पैदा करने के लिए सुनियोजित षड्यंत्र रचा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह मंत्रिमंडल विस्तार तथा राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के लिए नई दिल्ली में प्रधानमंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने पहुंचे। उन्होंने जद(एस) नेता एचडी कुमारस्वामी के साथ हाल में बैठक करने की अटकलें भी खारिज की।
येदियुरप्पा ने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘आमतौर पर लोग तरक्की करने वालों को बर्दाश्त नहीं कर पाते। विजयेंद्र ने कभी भी दखल (प्रशासन में) नहीं दिया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक बीजेपी के उपाध्यक्ष के तौर पर वह अपना काम कर रहे हैं, राज्यभर में यात्रा कर पार्टी को मजबूत कर रहे हैं।’’
विपक्ष के नेता सिद्धरमैया ने गुरुवार को आरोप लगाया था कि विजयेंद्र प्रशासन में दखलंदाजी कर रहे हैं और असल मुख्यमंत्री वह ही हैं। येदियुरप्पा मंत्रिमंडल में अभी 28 सदस्य हैं, छह पद अभी खाली हैं। येदियुरप्पा की आयु के मद्देनजर भविष्य में नेतृत्व में संभावित बदलाव को लेकर भी अटकलें लग रही हैं।


Download Android App
Download iOS App



