वाईएसआर कांग्रेस के प्रमुख एवं आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद के लिए मनोनीत वाईएस जगनमोहन रेड्डी ने यहां तिरुमला के प्रसिद्ध भगवान वेंकटेश्वर मंदिर में बुधवार को प्रार्थना की। गुरुवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लिए तैयार रेड्डी विजयवाड़ा से एक विशिष्ट विमान से मंगलवार को यहां पहुंचे और कड़ी सुरक्षा के बीच सड़क मार्ग से पहाड़ियों पर पहुंचे।
पहाड़ियों पर रात भर रुकने के बाद वाईएसआर कांग्रेस प्रमुख आज सुबह भगवान वेंकटेश्वर के प्राचीन मंदिर पहुंचे और वहां पूजा-अर्चना की। मंदिर के एक अधिकारी ने बताया कि मंदिर से निकलने से पहले रेड्डी को तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के अधिकारियों ने सिल्क के पवित्र वस्त्र, स्मरण चिह्न और प्रसाद दिया वहीं पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्हें आशीर्वाद दिया।

एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि बाद में वह दरगाह, चर्च और अपने दिवंगत पिता एवं अविभाजित आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाई एस राजशेखरा रेड्डी के स्मारक पर जाने के लिए अपने गृह जिले कडपा के लिए रवाना हो गए।


Download Android App
Download iOS App



