नई दिल्ली : अनुभवी स्ट्राइकर रमनदीप सिंह की भुवनेश्वर में छह जून से होने वाले एफआईएच पुरूष हाकी सीरिज फाइनल्स के लिये भारतीय टीम में वापसी हुई है जबकि 18 सदस्यीय टीम की कमान मिडफील्डर मनप्रीत सिंह संभालेंगे। हॉकी इंडिया ने मंगलवार को टीम की घोषणा की।
भारत को टूर्नामेंट में रूस, पोलैंड और उजबेकिस्तान के साथ पूल ए में रखा गया है जबकि 18वें एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता जापान, मैक्सिको, अमेरिका और दक्षिण अफ्रीका पूल बी में हैं। टीम में घुटने की चोट से उबर चुके रमनदीप की वापसी हुई है जो आखिरी बार पिछले साल ब्रेडा में चैम्पियंस ट्राफी खेले थे। अनुभवी स्ट्राइकर एस वी सुनील की गैर मौजूदगी में मनदीप सिंह, सिमरनजीत सिंह और आकाशदीप सिंह आक्रमण की जिम्मेदारी संभालेंगे।
बीरेंद्र लाकड़ा भारतीय टीम के उपकप्तान होंगे। गोलकीपिंग का दारोमदार अनुभवी पी आर श्रीजेश और युवा कृष्णन बी पाठक पर रहेगा। डिफेंस की जिम्मेदारी लाकड़ा के साथ हरमनप्रीत सिंह, सुरेंदर कुमार, वरूण कुमार, अमित रोहिदास और गुरिंदर सिंह पर रहेगी। मनप्रीत, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद सुमित और नीलाकांता मिडफील्ड में होंगे। भारत को छह जून को रूस के खिलाफ पहला मैच खेलना है।


Download Android App
Download iOS App



