मोहाली: शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पंजाब के पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया को मोहाली की विशेष अदालत ने परिवार के साथ विदेश यात्रा करने की सशर्त अनुमति दे दी है। विशेष जज प्रशांत वर्मा की अदालत ने 23 नवंबर 2026 को यह आदेश जारी करते हुए मजीठिया को अपनी पत्नी और बच्चों के साथ 18 दिसंबर 2026 से 6 जनवरी 2027 तक विदेश जाने की छूट दी है।
ड्रग मनी और आय से अधिक संपत्ति के मामले में जमानत पर चल रहे मजीठिया की अर्जी का पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने अधूरे यात्रा कार्यक्रम का हवाला देकर विरोध किया था। हालांकि, बचाव पक्ष की इस दलील के बाद कि जांच पूरी होकर चार्जशीट दाखिल हो चुकी है और मजीठिया नियमित रूप से पेश हो रहे हैं, कोर्ट ने कड़े नियमों के साथ याचिका स्वीकार कर ली।
वापसी की सख्त शर्तें
अदालत ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी मेडिकल इमरजेंसी को छोड़कर विदेश प्रवास की अवधि नहीं बढ़ाई जाएगी और उन्हें 6 जनवरी 2027 या उससे पहले भारत लौटना होगा। विदेश जाने से पहले मजीठिया को मोहाली क्षेत्र के किसी बैंक से 30 लाख रुपये की बैंक गारंटी, इतनी ही राशि का इंडेम्निटी बॉन्ड और अपनी चल-अचल संपत्तियों के स्थान व मूल्य का हलफनामा जमा करना होगा।
इसके अलावा विदेश में ठहरने का पूरा पता, एक्टिव मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और पासपोर्ट की स्वप्रमाणित प्रति देने के बाद ही उनका पासपोर्ट अस्थायी रूप से रिलीज होगा, जिसे लौटते ही वापस कोर्ट में जमा कराना होगा।
कोर्ट ने चेतावनी दी है कि शर्तों के उल्लंघन पर बिना किसी अलग सुनवाई के बैंक गारंटी और बॉन्ड की राशि राज्य सरकार के पक्ष में जब्त कर ली जाएगी।


Download Android App
Download iOS App




