पंजाब विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष बीर देविंदर सिंह ने आज आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के ‘बेतुके‘ बयानों से लग रहा है कि वह अपना संतुलन खो चुके हैं। देविंदर ने जारी बयान में कहा कि कैप्टन ने कुछ दिन पहले बयान दिया था कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को उन विधायकों और मंत्रियों की सूची दी थी जो अवैध रेत खनन में संलिप्त थे लेकिन उन्होंने खुद इस पर कोई कार्रवाई नहीं की जो कि मुख्यमंत्री होने के नाते उनका संवैधानिक दायित्व था।
अमरिंदर सिंह बोल रहे सफेद झूठ
उन्होंने कहा कि अब भी कैप्टन उनके नाम सार्वजनिक क्यों नहीं कर रहे? पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष ने कहा कि कैप्टन का दूसरा बयान नवजोत सिंह सिद्धू को मंत्रिमंडल में दुबारा शामिल करने के लिए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की तरफ से किसीका संदेश आने को लेकर भी ‘सफेद झूठ‘ है।
पाकिस्तानी संपर्क का नाम सार्वजनिक करें कैप्टन
देविंदर ने आरोप लगाया कि ऐसा लगता है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह की याद्दाश्त साथ नहीं दे रही क्योंकि 16 मार्च 2017 को जब उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी तो उसमें पाकिस्तान से काफी संख्या में मेहमान आये थे जिनमें उनकी मित्र आरुसा आलम के पारिवारिक सदस्य भी थे। देविंदर ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर को उस पाकिस्तानी संपर्क का नाम सार्वजनिक करना चाहिए जिसने सिद्धू को मंत्रिमंडल में दोबारा शामिल करने के लिए लॉबिंग की थी।


Download Android App
Download iOS App



