बीजेपी के पंजाब प्रवक्ता अनिल सरीन के साथ बतौर गनमैन तैनात पंजाब पुलिस के हेड कांस्टेबल जोगिंदर सिंह की गोली लगने के बाद मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, गनमैन ने लुधियाना में अनिल सरीन के आवास पर अपनी एके -47 राइफल से सफाई करते समय कथित तौर पर खुद को गोली मार ली थी।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना डिविजन आठ और चौकी डीएमसी अस्पताल की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि हथियार साफ करते हुए गोली चली और जोगिंदर सिंह की ठोडी में जा लगी, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान रायकोट के 50 वर्षीय जोगिंदर सिंह के रूप में हुई है। उन्हें तीन महीने पहले सरीन की सुरक्षा में प्रतिनियुक्त किया गया था। बीजेपी प्रवक्ता अनिल सरीन का डीएमसी अस्पताल के नजदीक ही घर है। हेड कांस्टेबल जोगिंदर सिंह पिछले तीन माह से उनके साथ ही तैनात थे।
कांस्टेबल जोगिंदर सिंह बीजेपी नेता के घर पर ही ड्राइवर अशोक कुमार के साथ एक रूम में रहते थे। सोमवार सुबह जोगिंदर सिंह जल्दी जग गए और हथियार साफ करने लगे। हथियार साफ करते वक्त गोली चल गई। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए और मौके पर ही मौत हो गई।


Download Android App
Download iOS App



