पार्टी के पंजाब प्रभारी हरीश रावत ने कहा है कि 2022 के विधानसभा चुनाव राज्य पार्टी प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू के नेतृत्व में लड़े जाएंगे, जिसपर विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने पंजाब और देश के दलित समुदाय का अपमान किया है।
पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने बताया कि अपनी पार्टी की राज्य इकाई में कलह को नियंत्रित करने के लिए कांग्रेस नेतृत्व ने चन्नी जी (चरणजीत सिंह चन्नी) को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाया, लेकिन आगामी राज्य विधानसभा में पार्टी का नेतृत्व नहीं करने देकर दलित समुदाय का अपमान किया।
शर्मा ने कहा, “अगर कांग्रेस को चरणजीत सिंह चन्नी की नेतृत्व क्षमता पर भरोसा नहीं है, तो उन्होंने राज्य विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उन्हें चार महीने के लिए मुख्यमंत्री क्यों बनाया।”
चन्नी की तुलना नाइट वॉचमैन से करते हुए शर्मा ने आगे कहा,”कांग्रेस नेताओं हरीश रावत और सुनील जाखड़ की टिप्पणियों से पता चलता है कि कांग्रेस पार्टी में किसी को भी चन्नी के नेतृत्व पर भरोसा नहीं है। उन्होंने (कांग्रेस ने) चन्नी का मजाक बनाया है और पंजाब के दलितों का अपमान किया है।”
इससे पहले सोमवार को पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने ट्वीट किया, “चरणजीत सिंह चन्नी के मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह में (हरीश) रावत का यह बयान चौंकाने वाला है कि चुनाव सिद्धू के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। यह मुख्यमंत्री के अधिकार को कम करके आंकना है।”
जाखड़ के ट्वीट का हवाला देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा, “पंजाब का कप्तान कोई और होगा, क्या चरनजीत चन्नी सिर्फ नाइट वॉचमैन हैं?”


Download Android App
Download iOS App



