चंडीगढ़ में भाजपा कार्यालय के बाहर धमाका, स्कूटी में विस्फोट से हड़कंप, सामने आया व्यक्ति द्वारा ग्रेनेड फेंकने का VIDEO

Summary :

Blast outside BJP Office Chandigarh : चंडीगढ़ के सेक्टर-37 में स्थित पंजाब भाजपा कार्यालय के बाहर बुधवार को एक धमाके की घटना सामने आई। यह विस्फोट दफ्तर के बाहर बने पार्किंग क्षेत्र में हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक धमाका कम तीव्रता का था, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से बम निरोधक दस्ते और फॉरेंसिक टीम को तुरंत मौके पर बुलाया गया। चंडीगढ़ पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, हालांकि अभी तक धमाके के कारण या इसके पीछे किसी साजिश की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट…

Blast outside BJP Office Chandigarh : चंडीगढ़ के सेक्टर-37 में स्थित पंजाब भाजपा कार्यालय के बाहर बुधवार को एक धमाके की घटना सामने आई। यह विस्फोट दफ्तर के बाहर बने पार्किंग क्षेत्र में हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक धमाका कम तीव्रता का था, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से बम निरोधक दस्ते और फॉरेंसिक टीम को तुरंत मौके पर बुलाया गया। चंडीगढ़ पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, हालांकि अभी तक धमाके के कारण या इसके पीछे किसी साजिश की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट की आवाज आसपास के इलाके में काफी दूर तक सुनी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

स्कूटी में हुआ विस्फोट, जांच जारी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह धमाका शाम करीब पांच बजे भाजपा मुख्यालय के बाहर खड़ी एक स्कूटी में हुआ। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि स्कूटी किसकी थी और उसे वहां किसने पार्क किया था। फॉरेंसिक टीम भी मौके से साक्ष्य और नमूने एकत्र कर रही है, ताकि विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा सके।

सामने आया व्यक्ति द्वारा ग्रेनेड फेंकने का वीडियो

इस बीच पूरे मामले के एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि भाजपा कार्यालय के बाहर एक व्यक्ति ग्रेनेड फेंकते हुए नजर आ रहा है। वीडियो का स्रोत अभी तक स्पष्ट नहीं है। विस्फोट में कोई घायल या हताहत नहीं हुआ। हालांकि, विस्फोट के कारण कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

भाजपा नेता ने जताई चिंता

इस घटना पर पंजाब भाजपा नेता विनीत जोशी ने चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यालय के बाहर इस तरह का विस्फोट होना गंभीर मामला है। उनके मुताबिक धमाके की आवाज काफी तेज थी, जिससे पार्किंग में खड़ी कुछ गाड़ियों और आसपास से गुजर रहे वाहनों को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।