पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, तलाशी अभियान जारी

Summary :

पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट परिसर में बम धमकी से हड़कंप, तलाशी जारी

पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने पर हाईकोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने तुरंत परिसर को खाली करवा कर सुरक्षा बढ़ा दी है। बम स्क्वाड और स्नाइपर डॉग की मदद से सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

चंडीगढ़ से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी ईमेल के जरिए दी गई है।

पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट को ईमेल के जरिए उड़ाने की धमकी मिलने के बाद से परिसर में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने हाईकोर्ट परिसर को आनन-फानन में खाली करवाया। परिसर को खाली करवाने के बाद सुरक्षा अधिकारी बॉम्ब स्क्वाड टीम और स्नाइपर डॉग की सहायता से सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं।

हाईकोर्ट परिसर से मुख्य न्यायाधीश और वकीलों को भी बाहर भेजा जा रहा है और किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

समाचार एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, चंडीगढ़ पुलिस के सभी बड़े अधिकारी हाईकोर्ट परिसर में पहुंच गए हैं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। आसपास के क्षेत्रों, जैसे पंजाब विधानसभा और सचिवालय, में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सरतेज नरूला ने बताया कि ईमेल के माध्यम से हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी के बाद सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस ने पूरे परिसर को खाली करवा दिया है। पुलिस के सभी बड़े अधिकारी और बम स्क्वाड मौके पर मौजूद हैं। यहां प्रतिदिन 6 से 7 हजार वकील और 5 हजार के करीब लोग आते हैं।

नरूला ने आगे कहा कि हमने चीफ जस्टिस से मांग की थी कि कोई वकील अगर वीसी के माध्यम से पेश होना चाहे तो हो सकता है। इसके अलावा अगर कोई वकील हाजिर नहीं होता है तो उसके खिलाफ कोई आदेश जारी नहीं किया जाए।

पाकिस्तान और भारत के बीच तनाव का माहौल है। पंजाब सीमावर्ती राज्य है, ऐसे समय में पंजाब और हरियाणा कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलना केंद्र और राज्य सरकारों के लिए चिंताजनक है।

अब सीआईएसएफ के हवाले होगी भाखड़ा डैम की सुरक्षा, हरियाणा को मिलेगा 10,300 क्यूसेक पानी

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.