चंडीगढ़ में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम! बस स्टैंड के पास से बरामद हुआ IED और विस्फोटक

Summary :

Chandigarh BKI Operatives Arrested: चंडीगढ़ के सेक्टर-43 बस स्टैंड के पीछे जंगल से पुलिस ने संदिग्ध IED, करीब 5 किलो जिलेटिन स्टिक, डेटोनेटर, तार, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पिस्टल और कारतूस बरामद किए। पुलिस ने मामले में पंजाब के तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में उनके पाकिस्तान स्थित खालिस्तानी आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने की बात सामने आई है।

Chandigarh BKI Operatives Arrested: चंडीगढ़ और पंजाब को निशाना बनाने की एक बड़ी आतंकी साजिश को  पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने नाकाम कर दिया है। दरअसल, रविवार देर रात चंडीगढ़ पुलिस ने सेक्टर-43 अंतरराज्यीय बस स्टैंड के पीछे जंगल के पास से एक संदिग्ध बैग बरामद किया। बैग के अंदर IED, विस्फोटक सामग्री और हथियार मिले हैं। इस मामले में पंजाब के तीन संदिग्धों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग शहर में विस्फोटक लेकर पहुंचे हैं। इनपुट मिलने के बाद पुलिस की टीमों ने सेक्टर-43 बस स्टैंड के पीछे मौजूद जंगल वाले इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,  तलाशी अभियान के दौरान   एक लावारिस बैग मिला। बैग संदिग्ध होने की वजह से  मौके पर बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। जांच के बाद बैग से IED और बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, राहत की बात यह रही कि बरामद IED उस समय एक्टिव  नहीं था। इससे किसी बड़े हादसे को टालने में मदद मिली।

क्या क्या हुआ  बरामद?

पुलिस ने तलाशी के दौरान करीब 5 किलो जिलेटिन स्टिक बरामद की है। इसके अलावा डेटोनेटर, पावर सोर्स और कनेक्टिंग वायर भी मिले हैं। बम बनाने में इस्तेमाल होने वाले कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए गए।

जांच के दौरान पुलिस को एक अवैध पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस भी मिले हैं। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।

BKI हैंडलर से संपर्क का दावा

प्रारंभिक जांच में  इस मामले का कनेक्शन  सीमा पार बैठे आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी पाकिस्तान में मौजूद खालिस्तानी आतंकी BKI हैंडलर सतनाम सत्ता नौशेरा के संपर्क में थे। पुलिस को शक है कि आरोपियों को पाकिस्तान से बैठे हैंडलर की ओर से डायरेक्शन  दिए जा रहे थे। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उन्होंने इसी निर्देश के आधार पर विस्फोटक और हथियार जुटाए थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चंडीगढ़ में किस जगह को निशाना बनाने की योजना थी और इस नेटवर्क में कितने और लोग शामिल है।

चंडीगढ़ पुलिस  के अनुसार,  गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों में दो तरनतारन जिले के रहने वाले हैं, जबकि तीसरा आरोपी अमृतसर का रहने वाला है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके संपर्कों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि विस्फोटक सामग्री चंडीगढ़ तक कैसे पहुंचाई गई और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

UAPA और आर्म्स एक्ट के तहत केस

मामले की गंभीरता को देखते हुए चंडीगढ़ के थाना-36 में FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू की है।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं। बरामद IED और विस्फोटक की फॉरेंसिक जांच भी कराई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस साजिश का मकसद क्या था और इसके पीछे किसी बड़े आतंकी नेटवर्क तो नहीं शामिल था।

यह भी पढ़ें: Chandigarh News: PGI में तीन दिवसीय वर्कशॉप, क्रॉनिक पेन पर होगी विशेषज्ञों की चर्चा

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।