चन्नी के करीबी की गिरफ्तारी से बौखलाई कांग्रेस? चुनाव से पहले सक्रिय हुआ BJP का ‘इलेक्शन डिपार्टमेंट’

Summary :

कांग्रेस ने ईडी द्वारा चरणजीत सिंह चन्नी के रिश्तेदार को गिरफ्तार किए जाने के बाद आरोप लगाया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने किसान आंदोलन का बदला लेने के लिए पंजाब पर हमला किया है।

कांग्रेस ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के रिश्तेदार को गिरफ्तार किए जाने के बाद शुक्रवार को आरोप लगाया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने किसान आंदोलन का बदला लेने के लिए पंजाब पर हमला किया है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यह दावा भी किया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की चोर दरवाजे से मदद करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
शुरू हुई मोदी सरकार की “राजनीतिक नौटंकी”
उन्होंने ट्वीट किया, पंजाब चुनाव से 15 दिन पहले मोदी सरकार की “राजनीतिक नौटंकी” फिर शुरू! भाजपा का “इलेक्शन डिपार्टमेंट”- ईडी मैदान में उतरा। कांग्रेस नेता ने दावा किया, क्रॉनोलॉजी समझें – पंजाब के लोग अब किसान आंदोलन के पक्ष में खड़े होने की कीमत चुका रहे हैं…मोदी जी हार की हताशा में फर्जी छापे-गिरफ्तारी करवा रहे है। उन्होंने आरोप लगाया, यह हमला मुख्यमंत्री चन्नी पर नहीं, पंजाब पर है, किसान आंदोलन का समर्थन करने की सजा है, यह बदला है कल किसानों द्वारा भाजपा को चुनावों में “दंड” दिए जाने के आह्वान का।
BJP  “चोर दरवाजे” से कर रही AAP की मदद
उन्होंने कहा, ये हमला है ताकि “छोटे मोदी” – केजरीवाल की पार्टी को “चोर दरवाजे” से मदद की जा सके। केजरीवाल ने कृषि के काले कानून अधिसूचित किये थे, अब अहसान लौटाया जा रहा है। गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने चन्नी के रिश्तेदार भूपिंदर सिंह हनी को सीमावर्ती राज्य में कथित अवैध रेत खनन से जुड़े धन शोधन के एक मामले में गिरफ्तार किया है। 
चन्नी के भतीजे को ED ने किया गिरफ्तार 
अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हनी को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत गुरुवार को देर रात गिरफ्तार किया गया। हनी, चन्नी की पत्नी की बहन के बेटे हैं। एजेंसी ने 18 जनवरी को उनके परिसरों पर छापा मारा था और करीब आठ करोड़ रुपये नकद जब्त करने का दावा किया था। पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर 20 फरवरी को मतदान होना है।

‘प्यार से बोलिए… महुआ जी’, स्पीकर रमा देवी पर भड़की TMC सांसद, ट्वीट कर जमकर साधा निशाना

Desk Team