पंजाब सरकार ने लॉकडाउन की अवधि 14 अप्रैल से बढ़ाकर 1 मई तक कर दी है। राज्य की कांग्रेस सरकार ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। लॉकडाउन बढ़ाने वाला पंजाब दूसरा राज्य बन गया है। इससे पहले ओडिशा सरकार ने लॉकडाउन बढ़ाए जाने का ऐलान किया था। ओडिशा में 30 अप्रैल तक लॉकडाउन लागू कर दिया गया है।
कोरोना वायरस (कोविड-19) के संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए केंद्र द्वारा लगाए गए लॉकडाउन की अवधि 14 अप्रैल को खत्म हो रही है। देश के कई राज्यों में कोरोना के कारण स्थिति काफी खराब है, जिसको लेकर राज्य सरकारों ने केंद्र से लॉकडाउन की अवधि को बढ़ाए जाने के फैसले पर विचार करने का आग्रह किया है।
पंजाब के CM अमरिंदर ने केंद्र द्वारा जारी पैकेज को बताया नाकाफी, लॉकडाउन में किसानों को मिलेगी ढील
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ कल लॉकडाउन को बढ़ाए जाने पर चर्चा करने वाले है। इसी बीच गृह मंत्रालय ने देश में 21 दिनों के लॉकडाउन पर राज्य सरकारों के सुझाव मांगे हैं। अधिकारियों ने बताया कि उनसे यह भी पूछा गया है कि क्या ज्यादा श्रेणी में लोगों और सेवाओं को बंद से छूट दी जा सकती है।
इस तरह के संकेत हैं कि लॉकडाउन दो हफ्ते और बढ़ाया जा सकता है। गृह मंत्रालय ने राज्य सरकारों और केंद्र शासित क्षेत्रों को भेजे गए पत्र में 24 मार्च को घोषित लॉकडाउन को कड़ाई से लागू करने के लिए उठाए गए कदमों से उन्हें अवगत कराया। इसने उन्हें बंद के दायरे से बाहर रखे गए लोगों और सेवाओं के बारे में भी जानकारी दी।


Download Android App
Download iOS App



