चंडीगढ़ क्राइम ब्रांच ने मोहाली के बडमाजरा इलाके से खतरनाक गैंगस्टर गगन को गिरफ्तार किया है। गगन वही आरोपी है जिसने सेक्टर 38 में पुलिस पर फायरिंग की और अपने साथी को छुड़ाकर फरार हो गया था। यह गैंगस्टर मीत बाउंसर की हत्या की साजिश में भी शामिल रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ के सेक्टर 38 ए की ईडब्ल्यूएस कॉलोनी के बाहर गुरुवार शाम को पुलिस नाकाबंदी के दौरान एक सफेद मारुति फ्रांक्स कार संदिग्ध तरीके से आई। बीट कॉन्स्टेबल प्रदीप ने जब कार को रोकने का इशारा किया, तो ड्राइवर ने कार भगा दी और कुछ दूर जाकर एक व्यक्ति को उतार दिया।
उस व्यक्ति को कॉन्स्टेबल प्रदीप ने पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार इसके बाद कार ड्राइवर अपने साथी को छुड़ाने वापस आया और पुलिसकर्मी को कार से कुचलने का प्रयास किया। जब पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो उसने पिस्टल निकालकर चार गोलियां चलाईं।
एक गोली सीनियर कॉन्स्टेबल प्रदीप की तरफ भी चलाई गई, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। आरोपी अपने साथी को छुड़ाकर कार में फरार हो गया। चंडीगढ़ पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने इस मामले में अब गैंगस्टर गगन को गिरफ्तार किया है।
वह मोहाली के बडमाजरा इलाके में छिपा हुआ था। पुलिस उससे कड़ी पूछताछ कर रही है। उम्मीद जता रही है कि पूछताछ में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। चंडीगढ़ पुलिस की कई टीमें अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं।


Download Android App
Download iOS App



