भोटना गांव में एक किसान ने आठ लाख रुपये का पुराना कर्ज नहीं चुका पाने के कारण कथित तौर पर खुदकुशी कर ली। किसान के इस परिवार में कर्ज नहीं चुका पाने के कारण चार सदस्य पूर्व में खुदकुशी कर चुके हैं। कर्ज भुगतान नहीं हो पाने के कारण दबाव का सामना कर रहे लवप्रीत सिंह ने सोमवार को जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी।
ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले उसके परदादा जोगिंदर सिंह, दादा नाहर सिंह, उसके पिता कुलवंत सिंह और चाचा जगतार सिंह भी आठ लाख रुपये के कर्ज के कारण आत्महत्या कर चुके हैं। लवप्रीत की मां हरपाल कौर ने बताया कि कर्ज का भुगतान नहीं कर पाने के कारण उसने ऐसा कदम उठाया।
फिर बढ़े पेट्रोल और डीजल के दाम, कच्चे तेल में भी लौटी तेजी
उन्होंने प्रशासन से लवप्रीत की बहन मनप्रीत कौर के लिए सरकारी नौकरी और कर्ज माफी की मांग की। एक ग्रामीण ने बताया कि परिवार के पास 14 एकड़ जमीन थी लेकिन अब केवल एक एकड़ रह गयी है, बाकी कर्ज भुगतान करने में बिक गयी।
उपायुक्त टीपीएस फूल्का ने बताया कि राज्य सरकार ने कर्ज माफी योजना में सभी योग्य किसानों को शामिल किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले साल लवप्रीत के पिता कुलवंत सिंह के नाम पर 57,330 रुपये का कर्ज माफ कर दिया था। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



