नई दिल्ली : सेना के पूर्व प्रमुख जनरल जे. जे. सिंह ने निजी कारणों के चलते शिरोमणि अकाली दल से बुधवार को इस्तीफा दे दिया। अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल रहे सिंह 2017 की शुरुआत में पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले शिअद में शामिल हुए थे। उन्होंने पटियाला विधानसभा सीट से कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ा था। शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल को भेजे गए अपने इस्तीफे में जनरल सिंह ने कहा कि वह व्यक्तिगत कारणों से इस्तीफा दे रहे हैं।
अपने पत्र में सिंह ने लिखा है, ‘‘मैं भरे दिल से आपको सूचित करना चाहता हूं कि मैंने शिरोमणि अकाली दल और शिरोमणि अकाली दल, पूर्व-सैनिक शाखा के अध्यक्ष पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है।’’ सूत्रों का कहना है कि सिंह अकाली दल और उसके नेतृत्व के कामकाज के तरीके से खुश नहीं थे। भविष्य की रणनीति पर किए गए सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि वह लोगों की सेवा करना चाहते हैं और उन्होंने अपने राजनीतिक विकल्प खुले रखे हैं।


Download Android App
Download iOS App



