1984 नरसंहार के लिए गांधी परिवार को कभी माफी नहीं मिलेगी: BJP नेता सरवन सिंह चन्नी

Summary :

सिख विरोधी दंगों के दोषी सज्जन कुमार को कड़ी सजा मिलनी चाहिए

सिख विरोधी दंगों के मामले में दिल्ली की एक अदालत ने बुधवार को कांग्रेस के पूर्व सांसद सज्जन कुमार को दोषी ठहराया। इस मामले में अब पंजाब के भाजपा नेता सरवन सिंह चन्नी की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा कि मैं सिर्फ यही अपील करूंगा कि दोषी को कड़ी सजा दी जाए, ताकि आने वाले समय में कोई ऐसा न कर सके। भाजपा नेता सरवन सिंह चन्नी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “मैं हिंदुस्तान की कानून और न्यायिक व्यवस्था को धन्यवाद देता हूं। सीबीआई की स्पेशल कोर्ट ने सज्जन कुमार को दोषी ठहराया है। मैं कोर्ट से यही अपील करूंगा कि जब सजा का ऐलान हो तो उन्हें कड़ी सजा दी जाए, ताकि आने वाले समय में कोई भी ऐसा काम न कर पाए।

उन्होंने कहा कि 1984 में जब सिख दंगा भड़का तो उस दौरान कई लोगों का नरसंहार किया गया। इतना ही नहीं, महिलाओं और लड़कियों को भी नहीं बख्शा गया। इस घटना के पीछे राजीव गांधी थे। उन्होंने तो यहां तक कहा था कि जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती कांपती है। मैं इतना ही कहूंगा कि जिन्होंने इंदिरा गांधी को मारा, आप उन पर कार्रवाई करो, लेकिन पूरे समुदाय को क्यों टारगेट किया गया। दिल्ली देश की राजधानी है और वहां पुलिस, पैरामिलिट्री के होने के बावजूद खुलेआम गुंडागर्दी की गई। सिख समाज इसे भूलने वाला नहीं है। 1984 नरसंहार के लिए गांधी परिवार और कांग्रेस को कभी माफी नहीं मिलेगी।

दिल्ली की राऊज एवेन्यू अदालत ने बुधवार को 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े एक अहम मामले में कांग्रेस नेता सज्जन कुमार को दोषी करार दिया है। यह मामला 1 नवंबर 1984 को दिल्ली के सरस्वती विहार इलाके में दो सिख नागरिक जसवंत सिंह और उनके बेटे तरुणदीप सिंह की हत्या से जुड़ा हुआ था। राऊज एवेन्यू कोर्ट ने सज्जन कुमार को इस हत्याकांड में दोषी ठहराया है। दोषी ठहराने के बाद अब उनकी सजा पर 18 फरवरी को बहस होने वाली है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.