पंजाब के पानी की रक्षा के लिए सरकार का सख्त रुख: मंत्री बरिंदर कुमार

Summary :

पानी की लूट रोकने के लिए सरकार की रणनीति

पंजाब सरकार ने जल संसाधनों की रक्षा के लिए सख्त रुख अपनाया है। मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने स्पष्ट किया कि पंजाब के खेतों को सुखाकर किसी और को पानी नहीं दिया जाएगा। हरियाणा को पहले ही उसके हिस्से से अधिक पानी मिल चुका है और पंजाब केंद्र या किसी दबाव के आगे नहीं झुकेगा।

पंजाब सरकार के जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने रविवार को कहा कि पंजाब के खेतों को सुखाकर किसी और को पानी नहीं दिया जा सकता। राज्य सरकार पंजाब के पानी की रक्षा के लिए हर कदम उठाएगी। बरिंदर कुमार गोयल ने कहा, “पंजाब के खेतों को सुखाकर किसी और को पानी नहीं दिया जा सकता। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पंजाब के पानी की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगी और किसी भी कीमत पर पंजाब के पानी की लूट नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा, पानी के मुद्दे पर पंजाब का रुख बिल्कुल स्पष्ट और साफ है कि पंजाब अपना हक नहीं छोड़ेगा। हरियाणा पहले ही अपने हिस्से से अधिक पानी ले चुका है। पंजाब केंद्र या हरियाणा के दबाव के आगे नहीं झुकेगा।

पंजाब-हरियाणा जल विवाद, चंडीगढ़ में आज होगी सर्वदलीय बैठक

एक अन्य सवाल के जवाब में कैबिनेट मंत्री ने कहा, “भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड द्वारा तय नियमों के अनुसार बुलाई गई बैठक में तो पंजाब भाग लेगा, लेकिन केंद्र की शह पर कायदे-कानून को ताक पर रखकर बुलाई गई बैठक में शामिल नहीं होगा। पंजाब सरकार द्वारा पानी के मुद्दे पर 5 मई को पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है, जिसमें पंजाब के हितों की रक्षा के लिए पक्की रणनीति तैयार की जाएगी।”

बता दें कि फिरोजपुर फीडर नहर की 647.43 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत होने पर फाजिल्का जिले के किसानों ने कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल का मुंह मीठा करवाया। किसानों ने इसके लिए पंजाब सरकार का विशेष रूप से धन्यवाद किया, जिसके प्रयासों से यह नहर परियोजना स्वीकृत हुई है। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि फिरोजपुर फीडर की क्षमता वृद्धि के बाद फाजिल्का, फिरोजपुर, मुक्तसर साहिब और फरीदकोट के किसानों को जहां पूरा नहर का पानी मिलेगा, वहीं फाजिल्का जिले के सीमावर्ती इलाकों में पाकिस्तान के कसूर नाले से आने वाले काले पानी से भी मुक्ति मिलेगी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.