AAP नेता ने हरियाणा की जल समस्या के लिए पंजाब को ठहराया जिम्मेदार

Summary :

हरियाणा के जल संकट पर पंजाब सरकार पर ‘आप’ का आरोप

आम आदमी पार्टी के नेता सुशील गुप्ता ने हरियाणा की जल समस्या के लिए पंजाब की ‘आप’ सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब हरियाणा को पानी देने से इनकार कर रहा है। गुप्ता ने भाजपा और कांग्रेस पर वोट की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इनकी नीयत हरियाणा को पानी देने की नहीं है।

आम आदमी पार्टी (आप) के हरियाणा प्रभारी सुशील गुप्ता ने पानीपत में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में राज्य की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। इस बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने हरियाणा के जल संकट, शिक्षा, स्वास्थ्य और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर पार्टी के आगामी रुख को स्पष्ट किया। डॉ. गुप्ता ने मीडिया से बातचीत में पंजाब और हरियाणा के बीच पानी विवाद को लेकर भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब की ‘आप’ सरकार पर आरोप लगाया कि वह हरियाणा को पानी देने से इनकार कर रही है, जबकि भाजपा और कांग्रेस इस मुद्दे पर वोट की राजनीति कर रही हैं। उन्होंने कहा, “पंजाब और हरियाणा दोनों में भाजपा और कांग्रेस की सरकारें रही हैं, लेकिन इन दोनों पार्टियों की नीयत हरियाणा को पानी देने की नहीं, बल्कि वोट की राजनीति करने की रही है। पंजाब में नेताओं ने कहा है कि ‘एक बूंद भी पानी नहीं देंगे,’ जबकि हरियाणा में लोग यह कहते हैं कि ‘सारा पानी लेंगे।’ दोनों पार्टियां आपस में लड़ते हुए हरियाणा की जनता को पानी से वंचित कर रही हैं।”

पंजाब के पानी की रक्षा के लिए सरकार का सख्त रुख: मंत्री बरिंदर कुमार

आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी ने हरियाणा में बढ़ते भ्रष्टाचार और अपराध की गंभीर स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है, जबकि स्कूलों और अस्पतालों की हालत दयनीय हो चुकी है। डॉक्टरों की कमी है और बेरोजगारी चरम पर है। इन मुद्दों को लेकर हम सुधार की दिशा में काम करेंगे। उन्होंने 2029 के विधानसभा चुनावों के लिए अपनी पार्टी का एजेंडा स्पष्ट करते हुए कहा कि मुख्य मुद्दे शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी, और अपराध मुक्त हरियाणा होंगे। डॉ. गुप्ता ने स्पष्ट किया कि हरियाणा की पानी की समस्या का समाधान केवल केंद्र सरकार के हस्तक्षेप से ही हो सकता है। उन्होंने कहा, “हमने सर्वदलीय बैठक में यह निर्णय लिया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मुद्दे पर बातचीत की जाएगी, ताकि पिछले 50 वर्षों से चल रहे जल विवाद का समाधान हो सके।”

उन्होंने हरियाणा की जनता के हक की बात करते हुए कहा, “हरियाणा का गौरव और आत्मसम्मान है। हमें किसी से पानी नहीं मांगना चाहिए। यह हमारा हक है, और हमें वह हक मिलना चाहिए। डॉ. सुशील गुप्ता ने सिंधु जल संधि पर कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि पाकिस्तान को जाने वाला शत-प्रतिशत पानी वापस भारत लाया जाएगा, लेकिन इतने साल के बाद भी वह पानी वापस क्यों नहीं आया? अब समय आ गया है कि सिंधु जल संधि को रद्द कर दिया जाए और उसका पानी हरियाणा को मिलना चाहिए।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.