भारत-पाक तनाव: पंजाब में स्कूल-कॉलेज बंद, परीक्षाएं स्थगित

Summary :

पंजाब में परीक्षाएं स्थगित, सीमा पर तनाव के चलते कड़े कदम

भारत-पाक तनाव के चलते पंजाब में सभी शैक्षणिक संस्थान बंद कर दिए गए हैं और परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। राज्य सरकार ने लोगों की सुरक्षा के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। सीमा सुरक्षा बल ने फिरोजपुर में एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया। सीमावर्ती गांवों के लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे हैं।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव में, पाकिस्तान के साथ 532 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करने वाले पंजाब ने सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने और परीक्षाएं रद्द करने का आदेश दिया है। जालंधर स्थित आई.के. गुजराल पंजाब तकनीकी विश्वविद्यालय ने शुक्रवार को कहा कि अप्रत्याशित परिस्थितियों के कारण अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। इसमें कहा गया है कि परीक्षाओं का संशोधित कार्यक्रम नई तिथि से कम से कम पांच दिन पहले घोषित किया जाएगा। राज्य सरकार ने लोगों की सुविधा के लिए एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। लैंडलाइन फोन नंबर 0172-2741803 और 0172-2749901 पर संपर्क किया जा सकता है।

उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट, वाराणसी में प्रमुख स्थलों पर बढ़ाई गई सुरक्षा

राज्य के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि मौजूदा स्थिति को देखते हुए, “यह आदेश दिया जाता है कि पूरे पंजाब में सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय – सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त – अगले तीन दिनों के लिए पूरी तरह से बंद रहेंगे। गुरुवार की रात को पंजाब के छह सीमावर्ती जिलों – फिरोजपुर, पठानकोट, फाजिल्का, अमृतसर, गुरदासपुर और तरनतारन में ब्लैकआउट की सूचना मिली।

पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में प्राधिकारियों ने शनिवार तक सभी स्कूल बंद करने की घोषणा की है। दूसरी ओर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने गुरुवार को फिरोजपुर सेक्टर में एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया। घुसपैठिए की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, उसे शुक्रवार की सुबह भारत और पाकिस्तान के बीच अंतर्राष्ट्रीय सीमा पार करते समय मार गिराया गया। घुसपैठिये को लाखा सिंह वाला बीएसएफ चौकी के निकट एक गेट के पास घुसपैठ की कोशिश करते देखा गया था।

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच पंजाब के कुछ सीमावर्ती गांवों के लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे हैं। वहीं, पंजाब पुलिस के सभी कर्मियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गईं। पंजाब आम आदमी पार्टी के प्रमुख अमन अरोड़ा ने कहा कि राज्य सरकार और सभी तीन करोड़ पंजाबी भारतीय सेना के साथ मजबूती से खड़े हैं। राज्य की पुलिस बल किसी भी पाकिस्तानी हमले का करारा जवाब देने के लिए हर लड़ाई में भारतीय सेना के साथ शामिल होगा।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.