उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट, वाराणसी में प्रमुख स्थलों पर बढ़ाई गई सुरक्षा

Summary :

काशी विश्वनाथ मंदिर समेत वाराणसी में सुरक्षा कड़ी

भारत-पाक तनाव के चलते उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट जारी किया गया है। वाराणसी में सुरक्षा बढ़ाई गई है, खासकर काशी विश्वनाथ मंदिर और प्रमुख स्थलों पर। पुलिस लगातार गश्त कर रही है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद राज्य में मॉक ड्रिल और सुरक्षा तैयारियों का परीक्षण हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में मॉक ड्रिल का निरीक्षण किया।

भारत-पाकिस्तान के बीच बनी तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। बाबा विश्वनाथ की नगरी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। रात भर पुलिस गश्ती दल शहर में फेरे लगा रही है। उत्तर प्रदेश में सीमा पर तनाव और गोलाबारी के कारण रेड अलर्ट जारी किया गया है। वाराणसी कमिश्नरेट के पुलिस अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह से मुस्तैद हैं, और काशी विश्वनाथ मंदिर, गोदौलिया, कैंट रेलवे स्टेशन, रोडवेज, सिटी स्टेशन, और गोलगड्डा सहित पूरे क्षेत्र में पेट्रोलिंग की जा रही है। उत्तर प्रदेश में ऑपरेशन सिंदूर के बाद हाई अलर्ट घोषित किया गया था। राज्य के कई जिलों में मॉक ड्रिल भी हुई थी, जिसमें एयर रेड सायरन, ब्लैकआउट, आपातकालीन प्रतिक्रिया की तैयारियों का परीक्षण किया गया था। इस अभ्यास का उद्देश्य सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता और समन्वय का मूल्यांकन था।

अमेरिका के पास मदद का कटोरा लेकर गया था पाकिस्तान, JD Vance बोले- हमारा कोई लेना देना नहीं

लखनऊ में आयोजित मॉक ड्रिल का जायजा लेने खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे थे। उन्होंने इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी थी। लिखा- लखनऊ में आयोजित मॉक ड्रिल का अवलोकन किया। एक नागरिक के रूप में हमें अपने कर्तव्यों को समझना होगा और पूरी मजबूती के साथ अपनी सेनाओं के साथ खड़ा होना होगा, जिनका लोहा आज पूरी दुनिया मान रही है।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद ही उत्तर प्रदेश में मध्य वायु कमान के बीकेटी (लखनऊ स्थित बक्शी का तालाब) समेत 7 एयरफोर्स स्टेशन हाई अलर्ट पर हैं। यहां लड़ाकू विमान, ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट, ड्रोन स्टैंडबाय पर हैं। सुरक्षा कारणों से इन एयरबेस की तैयारियों की समीक्षा की गई है। मध्य वायु कमान की ओर से बुधवार को सभी एयरबेस की तैयारियों की समीक्षा की गई थी। इसमें बीकेटी (लखनऊ), सरसावा (सहारनपुर), हिंडन (गाजियाबाद), चकेरी (कानपुर), आगरा, प्रयागराज और गोरखपुर शामिल हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.