Amritsar में नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 7.5 किलो हेरोइन बरामद, 6 गिरफ्तार

Summary :

पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7.5 किलो हेरोइन जब्त

पंजाब में नशे के खिलाफ चल रही जंग में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अमृतसर ग्रामीण के थाना घरिंडा और थाना लोपोके पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 7 किलो 508 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इसके साथ ही ड्रग मनी और अन्य सामान सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

एसपी हरिंदर सिंह गिल ने आईएएनएस को बताया कि घरिंडा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दिलबाग सिंह उर्फ जज, अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श और सैमुअल मसीह उर्फ सैम हेरोइन तस्करी में शामिल हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने हरदो रतन धनोय साइड, धुसी में नाका लगाकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 5 किलो हेरोइन, 10,000 रुपए ड्रग मनी, तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।

थाना लोपोके पुलिस को सूचना मिली थी कि जोगा सिंह, पंजाब सिंह और शरणजीत कौर पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हेरोइन मंगवाने और बेचने के धंधे में शामिल हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव गगर मॉल से बच्चीविंड की ओर जाने वाली सड़क पर नाका लगाकर तीनों को दबोच लिया। उनके पास से 2 किलो 508 ग्राम हेरोइन, 40,500 रुपए ड्रग मनी और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।

पुलिस ने दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि उनके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अगर अन्य किसी की संलिप्तता पाई जाती है, तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा पुलिस इन तस्करों की काली कमाई से बनाई गई संपत्तियों की भी पहचान कर रही है। अगर कोई अवैध संपत्ति मिलती है, तो उसे जब्त किया जाएगा। पुलिस ने बताया कि नशे के खिलाफ हमारी जंग जारी रहेगी। तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाएगा।

यह कार्रवाई पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ जारी अभियान का हिस्सा है। पुलिस लगातार ड्रग्स के खिलाफ सख्त कदम उठा रही है, ताकि राज्य को नशामुक्त किया जा सके।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.