दीप सिंह सिद्धू को NIA का समन, एक्टर बोले-किसानों का समर्थन करने पर केंद्र कर रही कार्रवाई

Summary :

एनआईए ने शनिवार को दीप सिद्धू को समन भेजा था और इससे पहले उनके भाई मनदीप को भी एनआईए ने पूछताछ के लिए बुलाया था।

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आज पंजाबी एक्टर दीप सिंह सिद्धू और उनके भाई मनदीप को दिल्ली तलब किया है। जांच एजेंसी सिख फॉर जस्टिस (SFJ) से संबंधित एक मामले में पूछताछ करेगी। दीप सिंह सिद्धू कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों का समर्थन कर रहे हैं।
एनआईए के समन पर दीप सिंह सिद्धू ने केंद्र सरकार को घेरा है। उनका कहना है कि एजेंसी केंद्र सरकार के इशारे पर यह सब कर रही है और किसानों का साथ देने वालों को डराना और धमकाना चाहती है। एनआईए ने शनिवार को दीप सिद्धू को समन भेजा था और इससे पहले उनके भाई मनदीप को भी एनआईए ने पूछताछ के लिए बुलाया था।
जांच एजेंसी ने लगभग 20 लोगों को पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया है। दीप सिंह सिद्धू ने कहा कि उनका सिख फॉर जस्टिस नाम के किसी संगठन से कोई लेना-देना नहीं है। सिद्धू के अलावा एनआईए ने किसान प्रदर्शन में शामिल लोक भलाई इंसाफ वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष बलदेव सिंह सिरसा को पूछताछ के लिए बुलाया है। बलदेव सिंह सिरसा से भी सिख फॉर जस्टिस के खिलाफ दर्ज एक मामले में पूछताछ की जानी है।

Desk Team