पंजाब के संगरूर जिले के एक गांव में चार दिन पहले 150 फुट गहरे बोरवेल में गिरे दो साल के बच्चे को निकालने के लिए रविवार को पांच घंटे की तकनीकी अड़चन के बाद बचाव अभियान फिर से शुरू हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। नौ इंच के व्यास वाले बोरवेल में 110 फीट की गहराई पर फंसे हुए बच्चे तक पहुंचने के लिए समानांतर सुरंग में अभी भी 10-12 फीट की खुदाई की आवश्यकता है।

बचाव अभियान की निगरानी कर रहे राज्य सरकार के एक अधिकारी ने बताया, “अब विशेषज्ञ बोरवेल में खुदाई करने वाला नया उपकरण डालने में कामयाब हो गए हैं, इसलिए पांच घंटे की रुकावट के बाद खुदाई शुरू हो गई है। यह मूल रूप से एक स्वभाविक अड़चन थी।” घटनास्थल पर चौबीसों घंटे चिकित्सकों की टीम और एंबुलेंस तैनात है।

घटना के लगभग 40 घंटे बाद शनिवार सुबह पांच बजे उसके शरीर में हलचल देखी गई। एक बचावकर्मी ने बताया कि बच्चे फतेहवीर सिंह के पास पहुंचने के लिए एक समानांतर सुरंग खोदी जा रही है। बच्चा 10 जून को दो साल का हो रहा है। बच्चा गुरुवार शाम चार बजे के आसपास बोरवेल में गिरा था।


Download Android App
Download iOS App



