Punjab: मनोरंजन कालिया के घर पहुंचे बिक्रम मजीठिया, NIA से जांच की मांग

Summary :

बिक्रम मजीठिया ने ग्रेनेड हमलों पर प्रशासन की कार्रवाई पर जताई नाराजगी

शिरोमणि अकाली नेता बिक्रम मजीठिया ने भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पर हुए ग्रेनेड हमले की जांच के लिए एनआईए से हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि अभी तक केवल छोटे आरोपियों को पकड़ा गया है, जबकि बड़े आरोपी अब भी फरार हैं।

शिरोमणि अकाली नेता बिक्रम मजीठिया बुधवार को भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पहुंचे। बिक्रम मजीठिया ने प्रशासन पर सवाल खड़े किए। शिरोमणि अकाली दल के नेता ने ग्रेनेड हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर कहा कि अभी तक छोटे आरोपियों को ही पकड़ा गया है, जबकि बड़े आरोपियों की गिरफ्तारी अब भी बाकी है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें जानकारी मिली है कि जल्द ही पुलिस कमिश्नर का तबादला कर दिया जाएगा। इस घटना के बाद कोई यह न समझे कि यह घटना आखिरी घटना है। उन्होंने ग्रेनेड हमले की जांच के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) से हस्तक्षेप की मांग की और अधिकारियों के तबादले पर सवाल उठाए। लारेंस बिश्नोई का हाथ होने को लेकर उन्होंने कहा कि एनआईए की जांच होगी तो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर खुलासा होगा।

Punjab: भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पर ग्रेनेड अटैक, दो आरोपी गिरफ्तार

उन्होंने शहजाद भट्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उसका पाकिस्तान में इतना नाम नहीं चल रहा जितना वह यहां भारत में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहा है। पंजाब में लगातार हो रहे ग्रेनेड हमले को लेकर कहा कि पिछले कुछ माह से 14 से अधिक ग्रेनेड हमले हो चुके हैं। उन्होंने सरकार से इन घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

बता दें कि इससे पहले मनोरंजन कालिया ने मीडिया से बातचीत के दौरान खुलासा किया था कि आरोपी का सीसीटीवी सामने आया है, जिसमें उसने काले रंग के कपड़े पहने हुए हैं, जो बुर्का जैसे लग रहे हैं। पहले वह ई-रिक्शा में आगे बैठा हुआ था और उसके बाद वह बैग लेकर ई-रिक्शा में पीछे बैठ जाता है। इसके बाद पता चला कि आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद तीन घंटे जालंधर में ही रहा। आरोपी ने दोमोरिया पुल के पास कपड़े बदले थे।

मनोरंजन कालिया ने कहा था कि आरोपी का घटना को अंजाम देने के बाद तीन घंटे तक घूमते रहना चिंता का विषय है। उन्होंने पुलिस की देरी पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस मामले में देरी के कारणों का जवाब केवल उच्च अधिकारी ही दे सकते हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ग्रेनेड हमले के पीछे की वजह क्या थी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.