पंजाब: CM भगवंत मान ने किया विभागों का बंटवारा, जानें किस मंत्री को मिला कौन सा मंत्रालय

Summary :

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सभी मंत्रियों को पोर्टफोलियो का बंटवारा कर दिया है। सीएम मान ने गृह मंत्रालय खुद अपने पास ही रखा है। हरपाल चीमा को पंजाब का वित्त मंत्री बनाया गया है।

पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार ने शपथग्रहण के बाद अब सूबे के मंत्रियों को विभागों का बंटवारा भी कर दिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सभी मंत्रियों को पोर्टफोलियो का बंटवारा कर दिया है। सीएम मान ने गृह मंत्रालय खुद अपने पास ही रखा है। हरपाल चीमा को पंजाब का वित्त मंत्री बनाया गया है। पंजाब में आम आदमी पार्टी ने चुनावी कैंपेन के दौरान शिक्षा को लेकर बड़े वादे किए थे। सीएम मान ने इन वादों को पूरा करने का ज़िम्मा गुरमीत सिंह मीत हायर को सौंपा है।   
जानें सीएम भगवंत मान ने किसे दिया कौन सा मंत्रालय  

पंजाब में शिक्षा के अलावा आप ने स्वास्थ्य सुविधाओं को भी बेहतर करने का वादा किया है। डॉ विजय सिंघला को स्वास्थ विभाग सौंपा गया है, हरजोत एस बैंस कानून और टूरिज्म मंत्री होंगे। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय डॉ बलजीत कौर के पास गया है। आम आदमी पार्टी की सरकार में हरभजन सिंह बिजली मंत्री होंगे। लाल चंद को फूड और सप्लाई विभाग दिया गया है। ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री होंगे कुलदीप सिंह धालीवाल। लालजीत सिंह भुल्लर परिवहन मंत्री बनाए गए हैं। ब्रम शंकर के पास पानी के साथ-साथ आपदा मंत्रालय भी होगा।  
16 मार्च को शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में ली थी शपथ  
आपको बता दें, भगवंत मान ने 16 मार्च को शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में अकेले ही सीएम पद की शपथ ली थी। मंत्रियों को 19 मार्च को राजभवन में शपथ दिलाई गई थी। मंत्रियों में सबसे पहले हरपाल चीमा को शपथ दिलाई गई थी। पंजाब में मुख्यमंत्री सहित मंत्रिमंडल में 18 सदस्य शामिल हो सकते हैं। भगवंत मान ने अपने मंत्रिमंडल में 10 मंत्रियों को ही शामिल किया है। मान ने अभी मंत्रिमंडल छोटा रखा है। हालांकि गत दिवस विधायकों के साथ बैठक के दौरान आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अभी और मंत्री बनाए जाएंगे। 

Desk Team