Punjab: 84 लाख की ठगी करने वाला साइबर अपराधी मोहाली से गिरफ्तार

Summary :

84 लाख की ठगी करने वाला साइबर अपराधी पंजाब से गिरफ्तार

नोएडा पुलिस ने साइबर अपराधी सोनू पाल को मोहाली से गिरफ्तार किया, जिसने फेडेक्स कूरियर कंपनी का प्रतिनिधि बनकर महिला को 84 लाख से अधिक की ठगी का शिकार बनाया। आरोपी ने बैंक खाते में बड़ी रकम ट्रांसफर कराई और उसे 2 लाख रुपए कमीशन मिला। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल और नकद राशि बरामद की है।

नोएडा पुलिस के थाना साइबर क्राइम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए डिजिटल अरेस्ट के जरिए 84 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी करने वाले एक साइबर अपराधी को पंजाब के मोहाली से गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू पाल (30 वर्ष) के रूप में हुई। वह वेस्ट चंडीगढ़ का रहने वाला है। वह मूलरूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के दलावल गांव का निवासी है।

पीड़िता की तहरीर पर थाना साइबर क्राइम नोएडा में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी ने खुद को फेडेक्स कूरियर कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए पीड़िता को यह कहकर डराया कि उसके नाम से एक पार्सल जब्त किया गया है, जिसमें पासपोर्ट, क्रेडिट कार्ड, लैपटॉप, कपड़े, ड्रग्स (एमडीएमए), नकद राशि और अन्य सामान हैं। इसके बाद मनी लॉन्ड्रिंग का केस बनाने की धमकी देकर 84,16,979 रुपए की ठगी की गई।

जांच के दौरान संबंधित बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह आईडीएफसी फर्स्ट बैंक, डिस्ट्रिक्ट-एसएएस नगर, पंजाब में करंट अकाउंट खोलने का काम करता है। आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से बैंक अकाउंट खुलवाया और उसकी जानकारी टेलीग्राम ग्रुप्स के जरिए विदेशी नागरिकों तक पहुंचाई। उसी खाते में पीड़िता के करीब 69.78 लाख रुपए ट्रांसफर किए गए, जिसके बदले आरोपी को 2 लाख रुपए कमीशन के रूप में मिले।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल और 12,400 रुपए नकद बरामद किए हैं। साथ ही, अब तक पीड़िता के 21 लाख रुपए फ्रीज कर 16 लाख रुपए रिफंड कराए जा चुके हैं, बाकी की वसूली प्रक्रिया जारी है।

एनसीआरपी पोर्टल पर चेक करने पर आरोपी द्वारा खोले गए खाते से जुड़े कुल 41 साइबर अपराधों की शिकायतें विभिन्न राज्यों से प्राप्त हुई हैं, जिनमें महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, केरल, बिहार, गुजरात, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, नागालैंड, पंजाब और पश्चिम बंगाल शामिल हैं।

मामले में अब तक कुल 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पंजाब ने रोका हरियाणा का पानी, कांग्रेस नेता अशोक अरोड़ा ने जताई नाराजगी

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.