पंजाब की सियासत उत्तर प्रदेश से काफी अलग है, विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दल अपने-अपने उम्मीदवारों पर बड़ा दांव लगा रहे है। पंजाब के विधानसभा चुनावों में राजनीतिक दल शीर्ष पंजाबी गायकों को मैदान में उतारकर उनकी लोकप्रियता के जरिये मतदाताओं को लुभाने का प्रयास कर रहे हैं। पंजाबी पॉप संस्कृति की बढ़ती लोकप्रियता के बीच राजनीतिक दलों का मानना है कि जाने-माने गायकों को मैदान में उतारने से भीड़ उनकी ओर खिंचेगी तथा लोग उनसे जुड़ेंगे।
सिद्धू मूसेवाला मानसा से चुनावी मैदान में
कांग्रेस ने सिद्धू मूसेवाला के नाम से प्रसिद्ध लोकप्रिय पंजाबी गायक शुभदीप सिंह सिद्धू को मानसा सीट से मैदान में उतारा है। शुभदीप को पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू का करीबी माना जाता है। वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) ने गायकों अनमोल गगन मान को खरड़ तथा बलकार सिद्धू को रामपुरा फूल से उम्मीदवार बनाया है।
20 फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिये मतदान
पंजाब में 20 फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिये मतदान होना है। निर्वाचन आयोग ने कोविड-19 मामलों में तेज वृद्धि के बाद राजनीतिक दलों की रैलियों और रोडशो पर पाबंदी लगा रखी है, ऐसे में कांग्रेस उम्मीदवार मूसेवाला सभाएं कर रहे हैं।
निर्वाचन आयोग ने चुनाव वाले पांच राज्यों में रैलियों और रोडशो पर लगी पाबंदी को शनिवार को 31 जनवरी तक के लिये बढ़ा दिया, लेकिन जिन विधानसभा क्षेत्रों में पहले दो चरणों में चुनाव होने हैं, उनमें अधिकतम 500 लोगों के साथ जनसभा करने की अनुमति दी गई है। साथ ही घर-घर जाकर प्रचार करने के नियमों में भी छूट दी गई है।
BJP में शामिल हुई अदिति सिंह ने प्रियंका को दी चुनाव लड़ने की चुनौती, कहा- रायबरेली अब कांग्रेस का गढ़ नहीं
गायक अनमोल गगन मान ने घर-घर जाकर प्रचार अभियान शुरू किया है
मूसेवाला के लाखों प्रशंसक हैं, जिनमें सोशल मीडिया प्रशंसक भी शामिल हैं। उन्होंने मतदाताओं से कहा, ”आप लोग नेता चुनने के लिये मतदान करते रहे हैं, लेकिन इस बार अपने बेटे के लिये मतदान करें। ” गायक अनमोल गगन मान ने घर-घर जाकर प्रचार अभियान शुरू किया है। इस दौरान उनकी मुलाकात एक गरीब महिला से हुई, जो अपने घर की जर्जर हालत दिखाते हुए रो पड़ी। अनमोल ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी पार्टी की सरकार बनने के बाद ”सब कुछ ठीक हो जाएगा।’
मोगा से सोनू सूद की बहन मालविका
बलकार सिद्धू ने रामपुरा फूल में सभा करते हुए मतदाताओं से पंजाब को फिर से समृद्ध बनाने के लिए ‘आप’ को सत्ता में लाने की अपील की। उन्होंने मादक पदार्थों और बेअदबी के मुद्दों पर कांग्रेस पर निशाना साधा। कांग्रेस ने मोगा विधानसभा क्षेत्र से अभिनेता सोनू सूद की बहन मालविका को मैदान में उतारकर सूद की लोकप्रियता भुनाने की भी कोशिश की है।ऐसा पहली बार नहीं है कि पार्टियों ने मतदाताओं को लुभाने के लिए मशहूर हस्तियों की लोकप्रियता का इस्तेमाल करने की कोशिश की है। अतीत में भी ऐसा किया गया है।
मोहम्मद सादिक फरीदकोट निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस सांसद हैं
पंजाबी गायक मोहम्मद सादिक फरीदकोट निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस सांसद हैं। गुरदासपुर से भाजपा के सांसद सनी देओल एक लोकप्रिय अभिनेता हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व पहले दिवंगत अभिनेता विनोद खन्ना करते थे। इसके अलावा, संगरूर से ‘आप’ के सांसद और विधानसभा चुनावों में पार्टी के मुख्यमंत्री पद के चेहरे भगवंत मान एक दशक पहले राजनीति में कदम रखने से पहले एक प्रसिद्ध हास्य अभिनेता और व्यंग्यकार थे। कांग्रेस के नवजोत सिंह सिद्धू क्रिकेट से राजनीति में आए हैं।


Download Android App
Download iOS App



