Punjab elections result: चमकौर साहिब से सीएम चन्नी को नहीं मिली जीत, कांग्रेस पार्टी का हर दांव फेल हुआ

Summary :

पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ रहा है. पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी खुद चमकौर साहिब और भदौर विधानसभा सीट से चुनाव हार चुके..

पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ रहा है। पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी  खुद चमकौर साहिब  और भदौर  विधानसभा सीट से चुनाव हार चुके हैं। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, भदौड़ सीट से चन्नी को आप के प्रत्याशी लाभ सिंह उगोके ने 37,558 मतों से शिकस्त दी है। वहीं चमकौर साहिब सीट से मौजूदा मुख्यमंत्री को आप के चरणजीत सिंह ने 7942 मतों से पराजित किया है।
पार्टी को अमरिंदर सिंह को हटाने और किसान आंदोलन का भी फायदा नहीं मिला
कांग्रेस ने अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखने के वाले चन्नी को दो सीटों से उतारा था लेकिन वह एक भी सीट से चुनाव नहीं जीत पाए। पार्टी को अमरिंदर सिंह को हटाने और किसान आंदोलन का भी फायदा नहीं मिला। कांग्रेस ने 117 सदस्यीय विधानसभा में नौ सीटें जीती हैं और नौ अन्य पर आगे चल रही है। आप ने अबतक 62 सीटों पर जीत दर्ज कर साधारण बहुमत हासिल कर लिया है और 30 अन्य सीटों पर आगे चल रही है। पंजाब में प्रचंड बहुमत से वह अगली सरकार बनाएगी।
दिग्गज नेता चुनाव हारे
कांग्रेस पार्टी को चरणजीत सिंह चन्नी की अगुवाई में बुरी हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस पार्टी 2017 के विधानसभा चुनाव में 78 सीटों पर जीत दर्ज करने में कामयाब रही थी। लेकिन इस बार कांग्रेस पार्टी सिर्फ 17 सीटों तक ही सीमित रह गई है। आम आदमी पार्टी भगवंत मान की अगुवाई में पंजाब विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत की तरफ कदम बढ़ा दिए हैं। आम आदमी पार्टी 90 सीटों पर जीत दर्ज करती हुई नज़र आ रही है। आम आदमी पार्टी की लहर के आगे कैप्टन अमरिंदर सिंह और प्रकाश सिंह बादल जैसे दिग्गज नेता भी चुनाव हार चुके हैं।

Desk Team