Punjab: फिरोजपुर में पुलिस और BSF की संयुक्त कार्रवाई, ढाई किलो हेरोइन बरामद

Summary :

फिरोजपुर में ड्रोन से आई हेरोइन बरामद, एक गिरफ्तार

पंजाब के फिरोजपुर में पुलिस और बीएसएफ ने संयुक्त कार्रवाई कर ढाई किलो हेरोइन बरामद की। यह हेरोइन पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से भेजी गई थी। सुरक्षाबलों ने खेतों में सर्च ऑपरेशन चलाकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। एसएसपी भूपिंदर सिंह ने बताया कि इस मामले में आगे कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।

पंजाब के सरहदी जिले फिरोजपुर में पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया और करीब ढाई किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई। सुरक्षाबलों ने खेतों में सर्च ऑपरेशन चलाकर दो किलोग्राम 488 ग्राम हेरोइन बरामद की। यह कार्रवाई बीओपी पचारिया के पास स्थित गांव जखरावां के खेतों में की गई, जहां पुलिस और बीएसएफ ने मिलकर गहन तलाशी अभियान चलाया।

पुलिस और बीएसएफ ने बताया कि यह हेरोइन पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से पांच पैकेटों में भारत में भेजी गई थी। अधिकारियों ने कहा कि यह तस्करी का एक संगठित नेटवर्क हो सकता है, और इस मामले में आगे कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। फिरोजपुर के एसएसपी भूपिंदर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति से आगे की पूछताछ की जाएगी, जिससे इस तस्करी के रैकेट के बारे में और जानकारियां सामने आ सकती हैं। एसएसपी ने कहा कि आने वाले समय में और भी खुलासे हो सकते हैं, जो तस्करी के इस नेटवर्क को उजागर करेंगे।

Punjab Budget 2025-26: वित्त मंत्री हरपाल सिंह ने पेश किया 2 लाख 36 हजार करोड़ का बजट

इससे पहले अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने गुरुवार को विभिन्न मामलों में कुल 4.544 किलोग्राम हेरोइन और चरस बरामद की है। एसएसपी देहात मनिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने विशेष ऑपरेशन के तहत नशे के खिलाफ यह बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपियों से छह मोबाइल फोन और एक वाहन भी बरामद किया है।

घरिंडा थाना पुलिस और उनकी टीम ने गांव मोर, चौक अड्डा घरिंडा में नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोका, जिसमें तीन युवक सवार थे। पूछताछ के दौरान, इन युवकों ने अपने नाम हरप्रीत सिंह उर्फ हनी, जशनदीप सिंह उर्फ जशन और आकाशदीप सिंह उर्फ आकाश बताया था। तलाशी के दौरान उनके पास से तीन किलो हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया था। एक अन्य मामले में रामदास थाना पुलिस ने गांव कुरालिया के साक्की पुल के पास गश्त के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गुरप्रीत उर्फ गोपी, राजन उर्फ टिड्डी, भगवान सिंह और रुपिंदर सिंह उर्फ रूपा शामिल हैं। इन आरोपियों से एक किलोग्राम 544 ग्राम हेरोइन और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए थे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.