पंजाब का स्टार्टअप मिशन शुरू, CM भगवंत मान बोले, नवाचार और मेहनत ही सफलता की असली ताकत

Summary :

Punjab News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कपूरथला स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में राज्य के पहले स्टार्टअप पंजाब कॉन्क्लेव 2026 का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब सरकार के आर्थिक विजन में अब नवाचार, उद्यमिता और कड़ी मेहनत को सबसे अधिक प्राथमिकता दी जा रही है। पंजाब सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा आयोजित यह सम्मेलन राज्य के तेजी से बढ़ते स्टार्टअप इकोसिस्टम को एक मजबूत पहचान देने वाला मंच बनकर उभरा है। Punjab News: 100 से अधिक स्टार्टअप्स की भागीदारी इस कॉन्क्लेव में 100 से अधिक स्टार्टअप्स ने भाग लिया। कार्यक्रम…

Punjab News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कपूरथला स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में राज्य के पहले स्टार्टअप पंजाब कॉन्क्लेव 2026 का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब सरकार के आर्थिक विजन में अब नवाचार, उद्यमिता और कड़ी मेहनत को सबसे अधिक प्राथमिकता दी जा रही है। पंजाब सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा आयोजित यह सम्मेलन राज्य के तेजी से बढ़ते स्टार्टअप इकोसिस्टम को एक मजबूत पहचान देने वाला मंच बनकर उभरा है।

Punjab News: 100 से अधिक स्टार्टअप्स की भागीदारी

इस कॉन्क्लेव में 100 से अधिक स्टार्टअप्स ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान कई उद्यमों को सीड ग्रांट प्रदान की गई और उद्योगपतियों, निवेशकों, इनक्यूबेटर्स, शिक्षाविदों और नीति निर्माताओं को एक ही मंच पर जोड़ा गया। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने साफ कहा कि सरकार नए और नवोन्मेषी कारोबारी विचारों को पूरा समर्थन देगी। उन्होंने युवाओं से नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनने का आह्वान किया।

“पंजाब का भविष्य उद्यमिता में है, नौकरी खोजने में नहीं”मुख्यमंत्री ने उद्यमियों से बातचीत करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को जॉब सीकर से जॉब क्रिएटर बनाना है। उन्होंने कहा,“हम चाहते हैं कि हमारे युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनें और अपनी अलग पहचान बनाएं।” उन्होंने यह भी कहा कि पंजाबी स्वभाव से ही मेहनती और उद्यमी होते हैं, इसलिए वे जिस क्षेत्र में जाते हैं, वहां सफलता हासिल करते हैं।

Punjab News
Punjab News

CM Bhagwant Singh Mann: फंड्स की कोई कमी नहीं, हर अच्छे आइडिया को मिलेगा समर्थन

भगवंत सिंह मान ने भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार युवाओं के सपनों को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास फंड्स की कोई कमी नहीं है और हर सार्थक एवं व्यावहारिक कारोबारी विचार को पूरा सहयोग मिलेगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे समय के साथ खुद को अपडेट रखें और नए तरीके से सोचें।

जापान यात्रा का अनुभव साझा, दी दूरदर्शिता की सीख

मुख्यमंत्री ने अपनी हालिया जापान यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि प्रगति वही देश करते हैं जिनके पास स्पष्ट विजन होता है। उन्होंने बताया कि जापान में परिवहन सहित कई सेवाएं सिंगल विंडो सिस्टम से संचालित होती हैं, जिससे व्यवस्था अधिक प्रभावी बनती है। उन्होंने जापानी कंपनियों और वहां की कार्य संस्कृति की तारीफ करते हुए कहा कि सकारात्मक सोच और अनुशासन की वजह से वहां लोगों की औसत आयु 100 साल से अधिक है।

Punjab News
Punjab News

कड़ी मेहनत और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी

मुख्यमंत्री ने कहा कि जापान के लोग अपने सपनों को पूरा करने के लिए ओवरटाइम काम करते हैं।उन्होंने पंजाब के युवाओं से भी ऐसी ही मेहनत, अनुशासन और वैश्विक सोच अपनाने की अपील की, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। भगवंत सिंह मान ने विश्वास जताया कि यह सम्मेलन पंजाब के स्टार्टअप इकोसिस्टम को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि इस मंच का उद्देश्य युवाओं की उपलब्धियों को सामने लाना और दूसरों को प्रेरित करना है।

इनक्यूबेटर्स और स्टार्टअप्स को मिला प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस आयोजन में पंजाब के 15 से अधिक इनक्यूबेटर्स और 5 से अधिक सहयोगी संस्थाओं ने अपनी पहलें प्रस्तुत कीं। सरकार ने 8 स्टार्टअप्स को विशेष प्रोत्साहन चेक प्रदान किए, जिनमें:

  • 7 स्टार्टअप्स को 3-3 लाख रुपये की सीड ग्रांट
  • प्रत्येक को 1.20 लाख रुपये की लीज रेंटल सहायता दी गई

उन्होंने कहा कि स्टार्टअप केवल व्यवसाय नहीं होते, बल्कि वे रोजगार सृजन और राज्य की आर्थिक प्रगति में अहम भूमिका निभाते हैं।

Punjab News
Punjab News

पिछली सरकारों पर हमला, नई व्यवस्था में भरोसा

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों की आलोचना करते हुए कहा कि पहले लोग नए कारोबार शुरू करने से डरते थे क्योंकि नेताओं द्वारा हिस्सा मांगा जाता था। उन्होंने कहा कि अब आम आदमी की सरकार हर नागरिक को ईमानदारी से आगे बढ़ने का अवसर दे रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा और प्रशासन जैसी ज़मीनी समस्याओं के समाधान पर काम करने वाले स्टार्टअप्स को विशेष रूप से प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने बताया कि औद्योगिक एवं कारोबारी विकास नीति 2022 को पारदर्शी और मजबूत ढांचे के लिए लागू किया गया है।

महिला नेतृत्व वाले स्टार्टअप्स को विशेष प्राथमिकता

भगवंत सिंह मान ने कहा कि स्टार्टअप पंजाब पहल के तहत महिला उद्यमियों और नए विचारों को खास महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने निवेशकों और उद्योगपतियों से पंजाब के युवाओं की प्रतिभा पर भरोसा करने और राज्य के विकास में साझेदार बनने की अपील की। मुख्यमंत्री ने बिज़नेस ब्लास्टर्स मुहिम का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब के छात्रों के पास बेहतरीन विचार हैं, लेकिन उन्हें पहले सही मंच नहीं मिला। उन्होंने कहा कि सफलता केवल दिखावे से नहीं, बल्कि कड़ी मेहनत से मिलती है। इस दौरान डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के शब्दों को याद करते हुए उन्होंने कहा, “सपने वो नहीं जो नींद में आएं, सपने वो हैं जो आपको सोने न दें।”

Punjab News
Punjab News

स्विगी-जोमैटो से लेकर मास्टरकार्ड तक पंजाबी प्रतिभा

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्विगी, जोमैटो और मास्टरकार्ड जैसी कंपनियों के शीर्ष पदों पर भी पंजाबी मौजूद हैं। उन्होंने गर्व से कहा कि पंजाब सरकार युवाओं के सपनों को उड़ान देने के लिए रनवे की तरह काम कर रही है।

गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा, लोकसभा सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल, राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। स्टार्टअप पंजाब कॉन्क्लेव 2026 के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डीप टेक और साइबर सुरक्षा जैसे विषयों पर पैनल चर्चाएं हुईं। कार्यक्रम का समापन इनक्यूबेटर्स और सहयोगी संस्थाओं को सम्मानित करने के साथ हुआ, जिससे पंजाब के समावेशी और सतत आर्थिक विकास के विजन को मजबूती मिली।

यह भी पढ़ें: CM भगवंत सिंह मान ने 1,746 कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र सौंपे, पंजाब पुलिस को किया मजबूत

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।