पंजाब कांग्रेस में अंदरूनी तकरार थम नहीं रही है मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच छिड़ी रार दिन प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है। दोनों गुटों में माफी की मांग को लेकर नई जंग छिड़ गई है। सीएम अमरिंदर ने भी इस मामले में अब सख्त तेवर अपना लिए हैं और वह नवजोत सिंह सिद्धू को लेकर बिलकुल भी नरमी बरतने के मूड में नजर नहीं आ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक पंजाब के सीएम अमरिंदर जल्द ही नवजोत सिंह सिद्धू के समर्थकों और कांग्रेस विधायकों के खिलाफ कड़ा एक्शन ले सकते हैं।
इन सिधायकों में से एक विधायक हैं दर्शन बराड़, जो बाघापुराना से विधायक हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दर्शन बराड़ पर आरोप लगा है कि उन्होंने होशियारपुर में सरकारी जमीन पर अवैध तरीके से क्रैशर लगाकर लगातार अवैध खनन कर के सरकार को करोड़ रुपये का चूना लगाया है। इस मामले में बराड़ को दिसंबर 2020 में ही खनन विभाग की तरफ से नोटिस भेजा गया था और उनपर 1.65 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया गया था।
हालांकि, दर्शन बराड़ अमरिंदर सिंह पर इस जुर्माने को वापस लेने के लिए दबाव बना रहे हैं। लेकिन जब मुख्यमंत्री अमरिंदर ने बराड़ की इस मांग को नहीं माना तो वह खुलकर नवजोत सिंह सिद्धू बनाम अमरिंदर सिंह की जंग में सिद्धू के समर्थन में आ गए। अब एक बार फिर अटकलें लगाई जा रही है कि सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह बराड़ से जुड़े केस की फाइल को खोल सकते हैं। खबरों के मुताबिक आने वाले दिनों में बराड़ पर खनन विभाग की ओर से दबाव बढ़ सकता है और यहां तक कि कानूनी एक्शन भी लिया जा सकता है।


Download Android App
Download iOS App



