राजस्थान के CM भजन लाल ने दिए निर्देश, महाकुंभ में राज्यवासियों को मिलेगी मुफ्त आवास की सुविधा

Summary :

राजस्थान मंडप में मिलेगा निशुल्क आवास, भोजन और चिकित्सा सुविधा

12 वर्षों के बाद आयोजित किया जा रहा महाकुंभ मेला प्रयागराज में 26 फरवरी तक जारी रहेगा। महाकुंभ में राजस्थान से आए भक्तों को सुविधा देने के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने प्रयागराज में राजस्थान मंडप तैयार कर निशुल्क आवास, भोजन और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। CM  भजन लाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति में महाकुंभ का विशेष महत्व है। महाकुंभ को सभी सिद्धियां प्रदान करने वाला माना जाता है।

क्या कहा मुख्यमंत्री भजन लाल ने

मुख्यमंत्री भजन लाल ने भक्तों को सुविधा देते हुए कहा कि मोनी अमावस्या, बसंत पंचमी, माघ पूर्णिमा और महाशिवरात्रि के शाही स्नान सहित इस मेले में भाग लेने वाले राजस्थान के श्रद्धालुओं को बिना किसी परेशानी के पुण्य का लाभ मिल सके, इसके लिए राज्य सरकार के स्तर पर व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से इन व्यवस्थाओं का लाभ उठाने और महाकुंभ के त्रिवेणी संगम पर पवित्र स्नान, दर्शन और पूजा करके दिव्य अनुभव का आनंद लेने की अपील की

श्रद्धालुओं को मिलेगी निशुल्क सेवा

श्रद्धालुओं के लिए महाकुंभ में 49 टेंटों में डबल बेड अटैच्ड लेटस और 30 बेड की डोरमेट्री में निशुल्क आवास की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा, श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क भोजन, चिकित्सा आदि की व्यवस्था के साथ ही भक्तों की मदद के लिए हेल्पडेस्क, कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। महाकुंभ मेले में भाग लेने वाले राजस्थान के नागरिक राजस्थान मंडप, प्लॉट नंबर 97, सेक्टर 7, कैलाशपुरी मार्ग, प्रयागराज में इन सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।

Himanshu Negi

हिमांशू नेगी को देश-विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने GGSIPU से संबद्ध LLDIMS कॉलेज से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन (BJMC) की पढ़ाई की है। इसके बाद HNBGU Central University से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन (MAJMC) पूरा किया और पत्रकारिता की शुरुआत की। दैनिक जागरण और IJCP Pvt Ltd. में इंटर्नशिप करने के बाद उन्होंने सुदर्शन टीवी चैनल में 9 PM शो के लिए प्रोड्यूसर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।