Girlfriend Changes Statement in Court: राजस्थान हाईकोर्ट से बीते दिन सोमवार को एक हैरान कर देने वाला नजारा देखा गया। दरअसल यहां एक युवक ने खुदकुशी करने की कोशिश की। 22 वर्षीय युवक एडवोकेट चैंबर की बालकनी की रेलिंग से लटक गया। वहां मौजूद वकीलों ने समय रहते उसे बचा लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ शांति भंग करने के आरोप में कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, युवक अपनी गर्लफ्रेंड को कोर्ट लेकर आया था, लेकिन लड़की ने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद युवक ने यह कदम उठाने की कोशिश की।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार , युवक की पहचान अरबाज खान के रूप में हुई है। वह बाड़मेर रोड के गंगाणा इलाके में रहता है। अरबाज ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि उसकी गर्लफ्रेंड के परिवार वालों ने उसे बंधक बना रखा है। इस पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने पुलिस को लड़की को पेश करने का आदेश दिया। इसके बाद पुलिस युवती को नारी निकेतन से कोर्ट लेकर पहुंची।
युवती ने बॉयफ्रेंड के बजाय बुआ के साथ जाने की जताई इच्छा
कोर्ट में सुनवाई के दौरान युवती से उसकी पसंद पूछी गई कि वह अरबाज के साथ रहना चाहती है या अपने परिवार के पास जाना चाहती है। इस पर युवती ने बुआ के साथ जाने का फैसला बताया। उसने अरबाज के साथ प्रेम संबंध होने की बात भी स्वीकार नहीं की।
युवती का जवाब सुनने के बाद अरबाज ने हाईकोर्ट परिसर में स्थित एक एडवोकेट चैंबर की रेलिंग से लटककर अपनी जान देने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर मौजूद वकीलों ने समय रहते उसे बचा लिया और एक बड़ा हादसा टल गया।
शादी के सर्टिफिकेट पर भी उठा विवाद
मामले में शादी के सर्टिफिकेट को लेकर भी विवाद गहरा गया है। युवती के परिजनों का आरोप है कि अरबाज ने शादी का फर्जी सर्टिफिकेट तैयार करवाया था। इस शिकायत को लेकर परिवार की ओर से हाईकोर्ट में अलग से सिविल रिट याचिका दायर की गई।
हाईकोर्ट ने याचिका पर सुनवाई के लिए उसे स्वीकार कर लिया है, लेकिन अभी तक इस मामले में कोई आखिरी फैसला नहीं दिया गया है। कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 20 नवंबर 2026 की तारीख दी है।


Download Android App
Download iOS App




