Dholpur News: हत्या की कोशिश के मामले में 3 साल से फरार पूजा उर्फ रिया गिरफ्तार, पुलिस ने रखा था 10,000 का इनाम

Summary :

पुलिस के मुताबिक, मामला 25 जुलाई 2023 का है। उस दिन धौलपुर की मोहन कॉलोनी में रहने वाले आकाश जोशी पर हमला किया गया था। बताया जाता है कि आकाश जोशी पड़ोस की दुकान से सामान लेकर लौट रहे थे, तभी कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उनकी स्विफ्ट कार में भी तोड़फोड़ की थी।

Dholpur News

Dholpur News : राजस्थान के धौलपुर में हत्या की कोशिश के मामले में करीब तीन साल से फरार चल रही पूजा उर्फ रिया को पुलिस ने जयपुर से गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, 22 वर्षीय रिया पर पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। गिरफ्तारी से पहले उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था, जो चर्चा में रहा। वीडियो में उसने कथित तौर पर ‘इनाम’ शब्द का इस्तेमाल किया था। इसके बाद पुलिस ने विशेष टीम की मदद से 24 अक्टूबर को जयपुर में कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक, मामला 25 जुलाई 2023 का है। उस दिन धौलपुर की मोहन कॉलोनी में रहने वाले आकाश जोशी पर हमला किया गया था। बताया जाता है कि आकाश जोशी पड़ोस की दुकान से सामान लेकर लौट रहे थे, तभी कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उनकी स्विफ्ट कार में भी तोड़फोड़ की थी।

बताया गया कि हमलावरों ने तीन गोलियां चलाई थीं। इनमें से एक गोली कार पर चलाई गई, जबकि दो गोलियां हवा में चलाई गई थीं। इस दौरान आकाश जोशी ने पड़ोसी के घर में छिपकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पांच आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इनमें ऐदल सिंह, ऋषि उर्फ ऋषिकेश, युवराज उर्फ राज, बच्चा त्यागी और कृष्णा गुर्जर शामिल हैं। हालांकि, पूजा उर्फ रिया फरार चल रही थी।

उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष टीम गठित की थी। साथ ही, उस पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। करीब तीन साल तक फरार रहने के बाद पुलिस ने उसे जयपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 307 और आर्म्स एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया था।

विशेष टीम ने जयपुर में की कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, भरतपुर रेंज की आईजी प्रीति चंद्रा और धौलपुर के एसपी विकास सांगवान के निर्देशन में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया था।

इसी अभियान के तहत निहालगंज थाना प्रभारी हरभान सिंह की टीम ने 24 अक्टूबर को जयपुर में कार्रवाई की और पूजा उर्फ रिया को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया है कि हेड कांस्टेबल दीनदयाल को अपने विशेष सूत्रों से उसके बारे में जानकारी मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की।

यह भी पढ़ें – कोटा में एक साथ दो छात्रों की मौत, एक बिहार तो दूसरा मध्य प्रदेश का रहने वाला; NEET-JEE एडवांस की कर रहे थे तैयारी

Team Desk