जनगणना कब होगी और कैसे होगी यह साफ होना चाहिए: Ashok Gehlot

Summary :

गहलोत ने केंद्र से जनगणना प्रक्रिया स्पष्ट करने की मांग की

अशोक गहलोत ने जातिगत जनगणना और आतंकी हमले पर केंद्र सरकार से स्पष्टता की मांग की। उन्होंने राहुल गांधी की आरक्षण की सीमा और निजी संस्थानों में आरक्षण की मांग का समर्थन किया। गहलोत ने आतंकवाद के खिलाफ कांग्रेस का समर्थन जताया और मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता की अपील की।

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने बुधवार को जयपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जातिगत जनगणना और जम्मू-कश्मरी के पहलगाम में हुए हमले पर बयान दिया है।

गहलोत ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लंबे समय से जातिगत जनगणना की मांग कर रहे थे। केंद्र सरकार का यह फैसला देशहित में साबित होगा। उन्होंने आरक्षण की 50 फीसदी सीमा समाप्त करने और निजी शैक्षणिक संस्थानों में भी आरक्षण लागू करने की राहुल गांधी की मांग का समर्थन किया।

उन्होंने कहा कि जनगणना कब शुरू होगी और कैसे होगी, यह भी साफ किया जाना चाहिए। साथ ही अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार से जनगणना की शुरुआत और प्रक्रिया को स्पष्ट करने तथा तेलंगाना मॉडल का अध्ययन करने का आग्रह किया।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर अशोक गहलोत ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में कांग्रेस सहित पूरा विपक्ष केंद्र सरकार के साथ खड़ा है। किसी को भी अनर्गल बयानबाजी से बचना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी की मांग का हवाला देते हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों को शहीद का दर्जा देने और उनके परिवारों को आर्थिक पैकेज प्रदान करने की बात कही।

गहलोत ने बताया कि महाराष्ट्र सरकार ने अपने राज्य के मृतकों के लिए 50 लाख रुपये के पैकेज की घोषणा की है। उन्होंने राजस्थान सरकार से भी जयपुर निवासी मृतक के लिए ऐसा ही पैकेज देने की मांग की।

इसके अलावा अशोक गहलोत ने आरएसएस और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आरएसएस खुलकर राजनीति में उतरे, क्योंकि वह पीछे से भाजपा को समर्थन देकर राजनीति कर रही है।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को दिल्ली में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में जाति जनगणना को मंजूरी दे दी गई। सरकार के फैसले की जानकारी देते हुए अश्विनी वैष्णव ने कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने जाति जनगणना का विरोध किया है। 1947 के बाद से जाति जनगणना नहीं हुई। जाति जनगणना की जगह कांग्रेस ने जाति सर्वे कराया, यूपीए सरकार में कई राज्यों ने राजनीतिक दृष्टि से जाति सर्वे किया है।

गौरतलब है कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने 26 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हमले में 20 से अधिक लोग भी घायल हुए थे।

राजस्थान के परिक्षेत्र में जातिगत जनगणना स्वागत योग्य कदम : Jogaram Patel

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.