PM Modi आज मुंबई में करेंगे विश्व ऑडियो विजुअल और मनोरंजन शिखर सम्मेलन का उद्घाटन

Summary :

मनोरंजन उद्योग के लिए मुंबई में शुरू होगा वेव्स समिट

प्रधानमंत्री मोदी मुंबई में विश्व ऑडियो विजुअल और मनोरंजन शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। यह समिट भारत को मीडिया और डिजिटल इनोवेशन का वैश्विक केंद्र बनाने के लिए आयोजित की जा रही है, जिसमें 90 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसमें क्रिएटर्स, स्टार्टअप्स और उद्योग जगत के लीडर शामिल होंगे, जो 50 बिलियन डॉलर का बाजार खोलने का लक्ष्य रखते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार को महाराष्ट्र के दौरे पर रहेंगे। वे मुंबई में विश्व ऑडियो विजुअल और मनोरंजन शिखर सम्मेलन (वेव्स) का उद्घाटन करेंगे।

मुंबई में चार दिवसीय वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट भारत को मीडिया, मनोरंजन और डिजिटल इनोवेशन का वैश्विक केंद्र बनाने के लिए आयोजित किया जा रहा है। इसकी थीम “कनेक्टिंग क्रिएटर्स, कनेक्टिंग कंट्रीज” पर आधारित है, जिसमें दुनिया भर के क्रिएटर्स, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत के लीडर और नीति निर्माताओं को एक साथ लाया जाएगा।

वेव्स में फिल्म, ओटीटी, गेमिंग, कॉमिक्स, डिजिटल मीडिया, एआई, एवीजीसी-एक्सआर और ब्रॉडकास्टिंग जैसे क्षेत्र शामिल होंगे। वेव्स का लक्ष्य 2029 तक 50 बिलियन डॉलर का बाजार खोलना है। यह पहली बार ग्लोबल मीडिया डायलॉग (जीएमडी) की मेजबानी करेगा, जिसमें 25 देशों के मंत्री शामिल होंगे।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री क्रिएटोस्फीयर का दौरा करेंगे और एक साल पहले 32 क्रिएट इन इंडिया चैलेंज से चुने गए क्रिएटर्स से बातचीत करेंगे, वे भारत पैवेलियन का भी दौरा करेंगे।

इस समिट में वेव्स बाजार नाम का एक ग्लोबल ऑनलाइन मार्केटप्लेस होगा। इसमें 6,100 से अधिक खरीदार, 5,200 विक्रेता और 2,100 प्रोजेक्ट्स शामिल होंगे। इसका मकसद खरीदारों और विक्रेताओं को स्थानीय तथा वैश्विक स्तर पर जोड़ना और व्यापार व नेटवर्किंग के ढेर सारे मौके देना है।

इसके अलावा, समिट में 90 से अधिक देशों की भागीदारी देखने को मिलेगी, जिसमें 10,000 से अधिक प्रतिनिधि, 1,000 क्रिएटर्स, 300 से अधिक कंपनियां और 350 से अधिक स्टार्टअप्स हिस्सा लेंगे। समिट में कुल 42 प्लेनरी सेशंस, 39 ब्रेकआउट सेशंस और 32 मास्टरक्लासेस होंगी, जो ब्रॉडकास्टिंग, इंफोटेनमेंट, फिल्मों और डिजिटल मीडिया जैसे विविध क्षेत्रों को कवर करेंगी।

महाराष्ट्र दौरे के बाद प्रधानमंत्री मोदी केरल जाएंगे और 2 मई को सुबह करीब 10:30 बजे विझिनजाम इंटरनेशनल डीप वाटर मल्टीपर्पज बंदरगाह राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस अवसर पर वे यहां उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी आंध्र प्रदेश जाएंगे और दोपहर करीब 3:30 बजे अमरावती में 58,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।

एनडीए ने जातिगत जनगणना को बताया ऐतिहासिक कदम

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.