Kota Building Collapse: राजस्थान के कोटा में बड़ा हादसा, रेस्टोरेंट संचालित बिल्डिंग ढही, 8 लोगों को सुरक्षित निकाला, एक अब भी फंसा, रेस्क्यू जारी

Kota Building Collapse

Kota Building Collapse: राजस्थान के कोटा शहर में शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। जवाहर नगर थाना क्षेत्र में स्थित एक बिल्डिंग अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त इमारत में एक रेस्टोरेंट संचालित हो रहा था, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना में कुल 9 लोग मलबे में दब गए।

8 लोगों का सफल रेस्क्यू, एक अब भी फंसा

हादसे के बाद चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में अब तक 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। एक व्यक्ति अभी भी मलबे में दबा हुआ है, जो लगातार प्रशासन से संपर्क में बताया जा रहा है। रेस्क्यू टीम उसे सुरक्षित निकालने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

पुलिस और राहत दल ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राहत दल, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबा हटाने के लिए भारी मशीनें लगाई गई हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

इलाका सील, आवाजाही पर रोक

एहतियात के तौर पर पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। जिला कलेक्टर के अनुसार हादसे में सात लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मंत्री मदन दिलावर मौके पर पहुंचे

शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। वे राहत और बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

कहां और कैसे हुआ हादसा?

शनिवार शाम करीब 8:45 बजे कोटा के जवाहर नगर थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा विहार इलाके में एक निर्माणाधीन दो मंजिला इमारत अचानक गिर गई। यह बिल्डिंग कोटा ओपरा हॉस्पिटल रोड पर स्थित मुरादाबादी नॉन वेज रेस्टोरेंट की बताई जा रही है। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए मलबे में दबे लोगों को निकालना शुरू किया और घायलों को अस्पताल भिजवाया।

स्पीकर ओम बिड़ला ने जताया दुख

कोटा में हुए इस बिल्डिंग हादसे पर लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला कलेक्टर और सिटी एसपी से बातचीत कर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों के बेहतर इलाज के भी आदेश दिए। स्पीकर के ओएसडी राजीव दत्ता भी मौके पर मौजूद हैं।

रेस्क्यू में देरी पर लोगों का गुस्सा

स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि रेस्क्यू के लिए जरूरी क्रेन करीब डेढ़ घंटे की देरी से मौके पर पहुंची, जिससे शुरुआती बचाव कार्य धीमा पड़ा। इस देरी को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली। हालांकि बाद में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

Kota Building Collapse:  निर्माणाधीन दो मंजिला इमारत

बताया जा रहा है कि गिरी हुई बिल्डिंग निर्माणाधीन थी। दो मंजिल का निर्माण लगभग पूरा हो चुका था और आगे का काम चल रहा था। इसी इमारत में रेस्टोरेंट भी संचालित हो रहा था और हादसे के समय वहां कई ग्राहक मौजूद थे। प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुट गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

Related Posts

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।