India beats USA by 29 runs: भारतीय टीम ने शनिवार को टी20 विश्व कप 2026 में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में Team India ने अमेरिका को 29 रनों से मात दी। हालांकि स्कोरकार्ड पर जीत दर्ज हुई, लेकिन भारतीय बल्लेबाजी का प्रदर्शन शुरुआत में बेहद निराशाजनक रहा। लगातार विकेट गिरने के बावजूद कप्तान सूर्यकुमार यादव की शानदार नाबाद पारी ने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
India beats USA by 29 runs: खराब थी भारत की शुरुआत

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पावरप्ले के भीतर ही भारत ने चार विकेट गंवा दिए। अभिषेक शर्मा खाता खोले बिना आउट हो गए, जबकि इसके बाद इशान किशन और तिलक वर्मा ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच 37 रनों की साझेदारी हुई, लेकिन छठे ओवर में शैडली वान शाल्कविक ने लगातार झटके देकर भारत को बैकफुट पर धकेल दिया। इशान किशन (20), तिलक वर्मा (25), शिवम दुबे (0), हार्दिक पांड्या (5) और संजू सैमसन (37) जल्दी पवेलियन लौट गए।

एक समय भारत का स्कोर 77 रन पर 6 विकेट था और टीम बड़े संकट में नजर आ रही थी। ऐसे मुश्किल हालात में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाला। उन्होंने अक्षर पटेल के साथ सातवें विकेट के लिए 41 रनों की अहम साझेदारी की। अक्षर 14 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन सूर्यकुमार ने एक छोर थामे रखा और तेजी से रन बटोरते रहे।
अंत में भारत ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 161 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंदों में 10 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 84 रन की शानदार कप्तानी पारी खेली। अमेरिका की ओर से शैडली वान शाल्कविक सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 विकेट झटके, जबकि हरमित सिंह को 2 विकेट मिले।
USA के बल्लेबाज भी फेल

162 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिकी टीम भी भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी। दूसरे ओवर में ही मोहम्मद सिराज ने गॉस को 6 रन पर आउट कर पहला झटका दिया। इसके बाद अर्शदीप सिंह ने कप्तान मोनांक पटेल को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। मुक्कमल्ला भी सिर्फ 2 रन बनाकर सिराज का शिकार बने। मिलिंद कुमार ने 34 गेंदों में 34 रन बनाए, लेकिन वरुण चक्रवर्ती ने उनकी पारी पर विराम लगा दिया। मोहम्मद मोहसिन ने 8 रन का योगदान दिया, लेकिन लगातार विकेट गिरने से अमेरिका की रन गति कभी पटरी पर नहीं आ सकी।
अमेरिकी टीम निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर सिर्फ 132 रन ही बना सकी और भारत ने मुकाबला 29 रनों से अपने नाम कर लिया। इस तरह भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2026 में जीत के साथ मजबूत आगाज किया, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव की पारी मैच का सबसे बड़ा आकर्षण रही।
Also Read: दिग्गज बॉलीवुड डायरेक्टर का बेटा पाकिस्तान में खेलेगा क्रिकेट! PSL ऑक्शन में डाला नाम























