जयपुर में तिरंगा यात्रा, CM भजनलाल शर्मा ने की ऑपरेशन सिंदूर की तारीफ

Summary :

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर सेना को सलाम

जयपुर में बीजेपी द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने ऑपरेशन सिंदूर की प्रशंसा की। उन्होंने भारतीय सेना की बहादुरी और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि सेना ने आतंकियों को सबक सिखाया और पूरा देश सेना के समर्थन में खड़ा है।

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने गुरुवार को जयपुर में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। यह यात्रा अल्बर्ट हॉल से शुरू होकर बड़ी चौपड़ तक निकाली गई। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने मंच से जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “ऑपरेशन सिंदूर को भारतीय सेना ने शानदार तरीके से अंजाम दिया। हमारी सेना ने आतंकियों के ठिकानों को ध्वस्त कर देश का मान बढ़ाया है। हमें अपनी सेना पर गर्व है। ऑपरेशन की सफलता के लिए सेना के साहस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की हम सराहना करते हैं।”

मध्य प्रदेश में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर तिरंगा यात्रा का आयोजन

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने इस मौके पर कहा, “हमारी सेना ने पाकिस्तान के अंदर घुसकर आतंकियों को सबक सिखाया है। आज पूरा देश अपनी सेना के समर्थन में तिरंगा रैली निकाल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट कहा था कि जो भी भारत की ओर आंख उठाएगा, उसे मुंहतोड़ जवाब मिलेगा। यह जवाब पाकिस्तान को बालाकोट स्ट्राइक में मिला और अब ऑपरेशन सिंदूर में भी मिला। हमारी सेना और पीएम मोदी के आतंकवाद विरोधी फैसलों के साथ पूरा देश खड़ा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया को दिखा दिया है कि हम दुश्मनों को करारा जवाब देना जानते हैं।”

सांसद सीपी जोशी ने कहा, “पाकिस्तान अभी और बिलबिलाएगा। हमारी सेना ने आतंकियों को उनके ठिकानों में घुसकर मार गिराया। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए मैं भारतीय सशस्त्र सेनाओं और प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देता हूं। हमारी सेना पर हमें गर्व है। उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि भारत अब और मजबूत हो चुका है। पूर्व विधायक राम लाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा, “पाकिस्तान जैसे देश पर भरोसा नहीं किया जा सकता। अभी वह पानी के लिए बिलबिला रहा है, लेकिन अभी बहुत कुछ बाकी है। हमारी सेना हर चुनौती के लिए तैयार है।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.