विकसित भारत बनाने के लिए देश में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का महायज्ञ चल रहा है: PM Modi

Summary :

प्रधानमंत्री मोदी ने 103 अमृत स्टेशनों का किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीकानेर में 103 पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों का उद्घाटन किया और 26,000 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की नींव रखी। उन्होंने कहा कि आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का महायज्ञ देश की प्रगति को नई दिशा दे रहा है। भारत में हो रहे इन विकास कार्यों से दुनिया भी हैरान है।

राजस्थान के बीकानेर दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को देश के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 86 जिलों में स्थित 103 पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों का उद्घाटन किया। इसके अलावा, उन्होंने 26,000 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया।

पीएम मोदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज मैं करणी माता से आशीर्वाद लेकर आपके बीच आया हूं। उनकी कृपा से विकसित भारत बनाने का हमारा संकल्प और भी मजबूत हो रहा है। मैं विकास से जुड़ी 26 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं के लिए देशवासियों को और राजस्थान के मेरे भाई-बहनों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “विकसित भारत बनाने के लिए देश में आज आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने का बहुत बड़ा महायज्ञ चल रहा है। हमारे देश की सड़कें आधुनिक हों, हमारे देश के एयरपोर्ट आधुनिक हों, हमारे यहां रेल और रेलवे स्टेशन आधुनिक हों, इसके लिए पिछले 11 साल में अभूतपूर्व गति से काम किया गया है। इंफ्रास्ट्रक्चर के इन कार्यों पर देश पहले जितना पैसा खर्च करता था, आज उससे 6 गुना ज्यादा खर्च कर रहा है।”

उन्होंने कहा, “हम एक साथ देश के 1300 से अधिक रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बना रहे हैं। आधुनिक हो रहे इन रेलवे स्टेशनों को देश ने ‘अमृत भारत स्टेशन’ का नाम दिया है। आज इनमें से 100 से अधिक ‘अमृत भारत स्टेशन’ बनकर तैयार हैं। आज भारत में हो रहे इन विकास कार्यों को देखकर दुनिया भी हैरान है। आज भारत अपनी ट्रेनों के नेटवर्क को भी आधुनिक कर रहा है। ये ‘वंदे भारत’, ‘अमृत भारत’ और ‘नमो भारत ट्रेन’ देश की नई गति और नई प्रगति को दर्शाती हैं।”

प्रधानमंत्री मोदी ने रेलवे के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा, “अभी देश में करीब 70 रूट पर वंदे भारत ट्रेन चल रही है। इससे दूर-सुदूर के इलाकों में भी आधुनिक रेल पहुंची है। बीते 11 साल में सैकड़ों रोड ओवरब्रिज और रोड अंडरब्रिज का निर्माण किया गया है। 34 हजार किमी से ज्यादा के नए ट्रैक बिछाए गए हैं। ‘विकास भी-विरासत भी’ मंत्र का इन अमृत भारत रेलवे स्टेशनों पर नजारा साफ-साफ दिखाई देता है। ये स्थानीय कला और संस्कृति के भी नए प्रतीक हैं।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चूरू-सादुलपुर रेल लाइन (58 किमी) की आधारशिला रखी। साथ ही सूरतगढ़-फलोदी (336 किमी), फुलेरा-डेगाना (109 किमी), उदयपुर-हिम्मतनगर (210 किमी), फलोदी-जैसलमेर (157 किमी) तथा समदड़ी-बाड़मेर (129 किमी) रेल लाइन विद्युतीकरण एवं राजस्थान के लिए 26,000 करोड़ रुपये की जनकल्याणकारी परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित की।

राजस्थान के बीकानेर पहुंचे PM मोदी , 26,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की दी सौगात

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.