अमेरिकी उपराष्ट्रपति Vance का होगा राजस्थानी स्वागत, लोक नृत्य और कठपुतली शो का भी आयोजन

Summary :

उपराष्ट्रपति वेंस का जयपुर में भव्य स्वागत, राजस्थानी संस्कृति की झलक

उपराष्ट्रपति वेंस की भारत यात्रा के दौरान जयपुर में उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। वे आमेर किले का दौरा करेंगे और राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में यूएस-इंडिया बिजनेस समिट में भाग लेंगे। वेंस के साथ उनकी पत्नी और बच्चे भी होंगे। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और आमेर किले को ढाई घंटे के लिए बंद रखा जाएगा।

अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेम्स डेविड (जेडी) वेंस 21 अप्रैल को भारत यात्रा पर आ रहे हैं। उनके स्वागत के लिए जयपुर में जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं। वे चार दिन की भारत यात्रा पर रहेंगे, जिस दौरान ‘पिंक सिटी’ का भी भ्रमण करेंगे।

उपराष्ट्रपति वेंस फिलहाल इटली में अपने परिवार के साथ हैं और सोमवार (21 अप्रैल) को भारत पहुंचेंगे। वह सबसे पहले दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे, जिसके बाद उसी शाम जयपुर के लिए रवाना हो जाएंगे। जयपुर एयरपोर्ट पर उनका रेड कार्पेट वेलकम किया जाएगा।

वेंस 21 से 24 अप्रैल तक जयपुर में रहेंगे। 22 अप्रैल की सुबह वह ऐतिहासिक आमेर किले का दौरा करेंगे, जहां उनका पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में स्वागत किया जाएगा।

वेंस और उनके परिवार को जोधपुरी साफा पहनाया जाएगा और राजस्थानी कठपुतली शो, लोक नृत्य, पारंपरिक भोजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम दिखाए जाएंगे।

इसके बाद वे राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में होने वाले यूएस-इंडिया बिजनेस समिट में हिस्सा लेंगे और दोनों देशों के व्यापारिक संबंधों को लेकर अपना विजन साझा करेंगे।

23 अप्रैल को वे अमेरिकी वायुसेना के विशेष विमान से आगरा जाकर ताजमहल का दीदार करेंगे। वहां लगभग तीन घंटे रुकने के बाद वे दोपहर में फिर से जयपुर लौट आएंगे और उसी दिन जयपुर सिटी पैलेस भी देखेंगे।

24 अप्रैल की सुबह 6:30 बजे वे वाशिंगटन डीसी के लिए रवाना हो जाएंगे।

जयपुर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिनमें राजस्थान पुलिस के सादे कपड़ों में अधिकारी, 20 गाड़ियों का काफिला और विशेष एम्बुलेंस शामिल हैं। आमेर किले को वेंस की यात्रा के दौरान ढाई घंटे के लिए आम जनता के लिए बंद रखा जाएगा।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर दिल्ली में वेंस की अगवानी करेंगे और उनके साथ आमेर किले की यात्रा में भी शामिल हो सकते हैं।

बिजनेस समिट के बाद उपराष्ट्रपति वेंस राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े से भी मुलाकात करेंगे।

वेंस के साथ उनकी पत्नी उषा, बच्चे इवान, विवेक और मिराबेल समेत अन्य वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी भी होंगे।

पिछले 13 वर्षों में यह पहली बार है जब कोई अमेरिकी उपराष्ट्रपति भारत का दौरा कर रहा है। इससे पहले 2013 में जो बाइडेन भारत आए थे।

Ashwini Vaishnav ने दिखाया ‘Make In India’ टैबलेट का दम

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.