शुरुआती मैचों में बुमराह की अनुपस्थिति चुनौतीपूर्ण: Jayawardene

Summary :

बुमराह के बिना आईपीएल 2025 की शुरुआत कठिन: जयवर्धने

महेला जयवर्धने ने कहा कि आईपीएल 2025 के शुरुआती चरण में जसप्रीत बुमराह का ना होना मुंबई इंडियंस के लिए एक चुनौती है। बुमराह पीठ की चोट से उबर रहे हैं और एनसीए बेंगलुरु में हैं। उनकी अनुपस्थिति के बावजूद, जयवर्धने ने इसे अन्य खिलाड़ियों के लिए एक अवसर के रूप में देखा है। मुंबई का पहला मैच 23 मार्च को चेन्नई के खिलाफ है।

मुंबई इंडियंस (एमआई) के प्रमुख कोच महेला जयवर्धने का मानना है कि आईपीएल 2025 के शुरुआती चरण में जसप्रीत बुमराह का उपलब्ध ना होना टीम के लिए एक चुनौती है और उन्हें उम्मीद है कि वह जल्द ही टीम से जुड़ जाएंगे।

जयवर्धने ने कहा, “जसप्रीत फिलहाल एनसीए बेंगलुरु में हैं और चोट से उबर रहे हैं। अब हमें उनके फीडबैक का इंतजार करना होगा। फिलहाल सब कुछ अच्छा चल रहा है और वह अच्छी भावना में हैं। उनका ना होना एक चुनौती हैं। वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज हैं और हमारे लिए पिछले कई सालों से शानदार प्रदर्शन किया है। हालांकि यह किसी और के लिए एक मौका भी है, हम इसे ऐसे ही देख रहे हैं।”

बुमराह फिलहाल पीठ की चोट से उबर रहे हैं और जनवरी से ऐक्शन से बाहर हैं। उन्हें यह चोट ऑस्ट्रेलिया दौरे पर आखिरी टेस्ट के दौरान लगी थी। इसके कारण वह चैंपियंस ट्रॉफी का हिस्सा भी नहीं बन पाए थे।

चैंपियंस ट्रॉफी टीम की घोषणा करते हुए तब भारतीय टीम के प्रमुख चयनकर्ता अजीत आगरकर ने कहा था कि बुमराह को कम से कम पांच सप्ताह का समय लग सकता है। वह शुरुआती चैंपियंस ट्रॉफी टीम में थे, लेकिन बाद में उन्हें बाहर होना पड़ा।

मुंबई का पहला मैच 23 मार्च को चेन्नई के खिलाफ है, जबकि उनका पहला घरेलू मैच कोलकाता के खिलाफ 31 मार्च को है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.