इंडियन प्रीमियर लीग में रविवार को दुबई के अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैदान पर खेले गए चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच का मुकाबला काफी जबरदस्त रहा। आईपीएल 2021 के पहले क्वालीफायर मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को चार विकेट से धूल चटाकर जीत अपने नाम कर निर्णायक मुकाबले में जगह बनाई।

सीएसके की तरफ से सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ और रॉबिन उथप्पा ने जोरदार फिफ्टी जड़ीं। जबकि, कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आखिरी के ओवर्स में 6 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से छोटी लेकिन मैच जिताऊ पारी खेली। खास बात इस मैच में जीत दर्ज करते ही चेन्नई ने नौवीं बार आईपीएल के फाइनल मुकाबले में जगह बनाई है।

वहीं जब इस बेहतरीन मैच के बाद जब टीम के खिलाड़ी वापस होटल ए तो उनका जोरदार स्वागत किया गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
चेन्नई ने खिलाड़ियों के इस वेलकम वाली वीडियो को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा की है। वीडियो में देखा जा सकता है यहां जैसे ही टीम के खिलाड़ियों ने होटल में एंट्री ली, वैसे ही फैन्स सीएसके का नारा लगाने लग गए, साथ ही कुछ फैन्स नाचते भी नजर आए। वीडियो में रविंद्र जडेजा, फाफ डु प्लेसी, शार्दुल ठाकुर, सुरेश रैना और रॉबिन उथप्पा नजर आ रहे हैं। यहां जैसे ही जडेजा एंट्री लेते हैं, वैसे ही उनकी बेटी दौड़कर उनके पास आती है और उनके गले लग जाती है।

डीसी और चेन्नई के बीच मैच की बात करें तो दिल्ली के खिलाफ इस मैच में चेन्नई को ऋषभ पंत की टीम से 173 रनों का टारगेट मिला था। दिल्ली की तरफ से पृथ्वी शॉ और कप्तान पंत ने जोरदार फिफ्टी जड़ी। जबकि शिमरोन हेटमायर ने भी 24 गेंदों पर 37 रन बनाए। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और डु प्लेसी मात्र 1 रन बनाकर एनरिच नोर्ट्जे का शिकार बन गए।

इसके बाद उथप्पा और गायकवाड़ ने अहम भूमिका निभाई। वहीं सीएसके मिडिल ऑर्डर में कुछ देर में तीन विकेट गंवा दिए, लेकिन कप्तान धोनी ने अंतिम क्षण में टीम की जीत के लिए अपने फिनिशर अंदाज में मुकाबला खत्म किया।


Download Android App
Download iOS App



