नई दिल्ली : इथियोपिया की सेहाये गेमेचू ने रविवार को यहां एयरटेल दिल्ली हाफ मैराथन में कोर्स रिकार्ड तोड़ा जबकि हमवतन एंडामलाक बेलीहू ने पुरूष वर्ग में कड़ी चुनौती से उबरते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। दोनों इथियोपियाई विजेताओं के लिये यहां यह पहली जीत है। गेमेचू ने एक घंटे छह मिनट 50 सेकेंड के समय में रेस पूरी की, जिससे उन्होंने महिला वर्ग के पिछले कोर्स रिकार्ड 1:06:54 से चार सेकेंड बेहतर प्रदर्शन किया जो 2009 के बाद से कीनिया की मैरी केटानी के नाम था।
मौजूदा महिला हाफ मैराथन विश्व रिकार्डधारी जॉयक्लिने जेपकोसगेई ने 1:06:56 के समय से रजत पदक जबकि इथियोपिया की जेनेबा यिमेर ने एक घंटे छह मिनट 59 सेकेंड से अंतिम पोडियम स्थान हासिल किया। गेमेचू को 27,000 डालर की इनामी राशि के चेक के अलावा नया कोर्स रिकार्ड बनाने के लिये 10,000 डालर और मिलेंगे।
वहीं पुरूषों में बेलीहू ने पिछले साल के प्रदर्शन में सुधार करते हुए अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी बेहतर किया। वह पिछले साल दूसरे स्थान पर रहे थे और इस बार उन्होंने 59 मिनट 18 सेकेंड में पहला स्थान हासिल किया। हालांकि वह कोर्स रिकार्ड नहीं तोड़ सके जो 2014 से अब तक इथियोपिया के गुये एडोला के नाम है। वालेलेगन ने 59 मिनट 22 सेकेंड के समय से रजत पदक हासिल किया।


Download Android App
Download iOS App



