भुवनेश्वर : नीदरलैंड के खिलाफ विश्व कप क्वार्टर फाइनल मैच हारने के बाद अंपायरिंग पर सवाल उठाने वाले भारतीय हॉकी टीम के कोच हरेंद्र सिंह को अंतर्राष्ट्रीय हाकी महासंघ ने आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाकर आधिकारिक फटकार लगाई है। नीदरलैंड से 2-1 से हारने के बाद हरेंद्र ने प्रेस कांफ्रेंस में अंपायरिंग के स्तर की आलोचना करते हुए कहा था।
कि खराब अंपायरिंग के कारण एशियाई खेलों के बाद विश्व कप में उनसे खिताब जीतने का मौका छीन लिया गया। एफआईएच ने बयान में कहा कि एफआईएच की तकनीकी टीम ने भारत के कोच हरेंद्र सिंह को आचार संहिता के लेवल 1, 2.2 के उल्लंघन का दोषी पाया है। यह अंतर्राष्ट्रीय मैच के संदर्भ में किसी प्रतियोगी या टीम या एफआईएच अधिकारी की सार्वजनिक तौर पर आलोचना या अनुचित टिप्पणी के संदर्भ में है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि यह टिप्पणी कब की गई।
तकनीकी टीम ने यह भी कहा कि प्रेस कांफ्रेंस में अंपायरों को लेकर हरेंद्र का बयान अस्वीकार्य था और उन्होंने खुद आज हुई सुनवाई में यह बात स्वीकार की है। बयान में यह भी कहा गया कि इस सजा को एफआईएच रिकाॅर्ड में रखेगा और हरेंद्र अगर भविष्य में इस गलती को दोहराते हैं तो इस पर गौर किया जायेगा।


Download Android App
Download iOS App



