मुंबई : भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को ‘वर्ल्ड क्लॉस’ बताते हुए कहा कि टीम प्रबंधन उन्हें हर प्रकार का समर्थन देगी ताकि वह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सफल हो सकें। बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी के कारण पिछले कुछ समय से पंत की कड़ी आलोचना हो रही है। शास्त्री ने कहा कि पंत अलग हैं, वह एक वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी और मैच विनर हैं।
वनडे और टी-20 की बात करें तो दुनिया में बहुत कम खिलाड़ी पंत जैसे हैं, मैं उन खिलाड़ियों को ऊंगलियों पर भी नहीं गिन सकता। शास्त्री ने कहा कि आपकी सभी मीडिया रिपोर्ट्स और सभी विशेषज्ञ लिख रहे हैं, लेकिन इस समय भारतीय टीम पंत के साथ है। विशेषज्ञों का काम है, वे बोल सकते हैं। पंत एक स्पेशल लड़का है और वह पहले ही काफी कुछ साबित कर चुका है। वह आगे केवल सीखेंगे और टीम प्रबंधन अंत तक पंत का समर्थन करेगा।
कोच ने कुछ समय पहले पंत पर बयान देते हुए कहा था कि उन्हें थोड़ी अधिक जिम्मेदारी के साथ खेलना होगा। शास्त्री ने कहा कि यह मत कहिए की टीम प्रबंधन, पंत के प्रदर्शन के कारण मैंने वो बयान दिया था। अगर कोई गलती करता है तो मुझे उसे बताने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि क्या मैं वहां सिर्फ तबला बजाने के लिए हूं? लेकिन यह खिलाड़ी वर्ल्ड क्लास है, यह खिलाड़ी किसी भी गेंदबाजी क्रम की धज्जियां उड़ा सकता है। हमें उन्हें समर्थन देना होगा ताकि वह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में बेहतर कर पाएं।


Download Android App
Download iOS App



