भारत-ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर 14वें चरण की बातचीत शुक्रवार को संपन्न हुई। बातचीत की जानकारी रखने वाले ब्रिटेन के अधिकारियों के अनुसार, भारत में आगामी आम चुनाव के मद्देनजर यह वार्ता संपन्न होनी अपेक्षित थी और अगले चरण की औपचारिक व्यापार वार्ता लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद ही शुरू हो सकती है।
- FTA पर 14वें चरण की बातचीत शुक्रवार को संपन्न हुई
- भारत में चुनाव के मद्देनजर यह वार्ता संपन्न होनी अपेक्षित थी
- अगले चरण की वार्ता चुनाव खत्म होने के बाद ही शुरू हो सकती है
FTA वार्ता का क्या है उद्देश्य?
जनवरी 2022 में शुरू हुई FTA वार्ता का उद्देश्य द्विपक्षीय व्यापार के लिए महत्वाकांक्षी नतीजे हासिल करना है। पिछले महीने के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, अभी दोनों देशों के बीच व्यापार एक साल में 38.1 अरब पाउंड के करीब है। ब्रिटेन में आधिकारिक सूत्रों ने बताया, ‘‘हमारा अनुमान है कि थोड़ी बहुत बातचीत हो सकती है लेकिन अगले चरण की बातचीत भारत में चुनाव के बाद ही होगी।’’
वर्षों में वार्ताकारों ने कड़ी मेहनत की
सूत्रों ने बताया, ‘‘कोई भी पक्ष बातचीत से भाग नहीं रहा है। सिर्फ इतनी सी बात है कि हमारे पास किसी समझौते को अंतिम रूप देने के लिए वह सब कुछ नहीं है जो वस्तुओं, सेवाओं और निवेश के क्षेत्र में हमारी संयुक्त महत्वाकांक्षा को पूरा करता हो। पिछले कुछ वर्षों में वार्ताकारों ने बहुत कड़ी मेहनत की है और हम कुछ मुद्दों को हल करने में कामयाब रहे हैं।’’ इस वार्ता से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस सप्ताह की शुरुआत में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से बातचीत की और दोनों नेता एक ऐतिहासिक और व्यापक समझौते तक पहुंचने के महत्व पर सहमत हुए, जिससे दोनों देशों को लाभ होगा।


Download Android App
Download iOS App





